नशा स्मगलरों पर पंजाब पुलिस का एक्शन, ड्रगमनी से बनाई तस्करों की 200 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

चंडीगढ़ 21 जून। पंजाब में नशे के खिलाफ पुलिस की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान चंडीगढ़ मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में चलाया जा रहा है। इसमें नशे के हॉटस्पॉट इलाकों को कवर किया जा रहा है। एक साल में पुलिस ने पूरे पंजाब में 356 बड़े नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। नशे के अवैध कारोबार से 250 लोगों की बनाई गई संपत्ति की पहचान कर उसे जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह दावा स्पेशल डीजीपी लॉ एंड ऑर्डर अर्पित शुक्ला ने किया। उन्होंने बताया कि अब तक नशा तस्करों की 200 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की जा चुकी है।

7 दिन में ऐसे जब्त होगी तस्करों की संपत्ति

राज्य में नशे के चक्र को खत्म करने के लिए अब पुलिस व राजस्व विभाग के अधिकारी मिलकर काम करेंगे। इसके लिए सरकार ने आदेश जारी कर किए हैं। अब जैसे ही कोई नशा तस्कर पुलिस द्वारा काबू किया जाएगा, तो राजस्व विभाग द्वारा पहल के आधार पर उसकी संपत्ति का रिकॉर्ड पुलिस को मुहैया करवाया जाएगा। फिर पुलिस की तरफ से सात दिन में उसकी संपत्ति को जब्त करने की प्रक्रिया की जाएगी।

बॉर्डर एरिया में कैमरों से रखी जाएगी नजर

इसके अलावा पुलिस की तरफ से पाकिस्तान से लगते पंजाब के बार्डर पर भी फोकस किया जा रहा है। पुलिस की तरफ से वहां पर कैमरे लगाने का प्रोजेक्ट शुरू किया गया है। इस पर बीस करोड़ रुपये की लागत आएगी। पहले चरण में फिरोजपुर, तरनतारन और अमृतसर के गांवों में 575 स्थानों पर कैमरे लगाए जाएंगे। हालांकि विलेज डिफेंस कमेटियां पहले से ही काम कर रही हैं।