पंजाब 2 फरवरी। दिल्ली में चुनाव होने जा रहे है। जिसे लेकर लगातार राजनीति में हलचल मची हुई है। वहीं पंजाब के आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रधान और कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने शनिवार रात दिल्ली के तुगलक रोड थाना के बाहर आप वर्करों के साथ दिल्ली पुलिस के खिलाफ हंगामा कर रोष जाहिर किया। उनका आरोप था कि दिल्ली में भाजपा शराब और पैसे बांट रही है। इस संबंध में जब पुलिस को आप वर्करों ने शिकायत दी तो पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाय उल्टा आप वर्करों और कुछ पत्रकारों को थाने में बंद कर दिया।
पंजाब के मंत्री हैं दिल्ली के नहीं
अमन अरोड़ा ने थाना के बाहर पुलिस अधिकारियों के साथ बहसबाजी की वीडियो भी फेसबुक शेयर की है। वीडियो में अमन अरोड़ा को थाने में पुलिस कर्मी घुसने नहीं दे रहे थे। अरोड़ा के एक साथी ने पुलिस कर्मी से कहा भी कि वह पंजाब के मंत्री है तो पुलिस कर्मी ने सख्त लहजे में जवाब दिया कि मंत्री पंजाब के है दिल्ली के नहीं। अमन अरोड़ा और तुगलक रोड थाना में रात 2 बजे यह बहसबाजी हुई जिसकी वीडियो आज पूरे पंजाब भर में खूब वायरल हो रही है।
अमन अरोड़ा ने लगाए बड़े आरोप
जानकारी देते हुए अमन अरोड़ा ने कहा कि रात 2 बजे थाना में इसलिए आना पड़ा कि दिल्ली पुलिस आप वर्करों के साथ धक्केशाही कर रही है। भाजपा के उन लोगों को पुलिस ने छोड़ दिया है जो शराब और पैसे बांट रहे थे। अमन ने कहा कि मेरे साथ आज कैबिनेट मंत्री लालजीत भुल्लर, शैरी कलसी आदि सभी मौजूद है। दिल्ली में आज थानों में इंसाफ नहीं मिल रहा। आप वर्करों से हमें मिलने तक नहीं दिया जा रहा। दिल्ली पुलिस से निवेदन है कि वर्दी की इज्जत रखे, भाजपा के इशारे पर काम न करें। पुलिस की धक्केशाही का आप डटकर विरोध करेगी।