पंजाब के राज्यपाल कटारिया ने साफ किया मेरा सीएम मान से टकराव नहीं

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने खास मुद्दों पर रखी बेबाक राय

राजेंद्र सिंह जादौन

चंडीगढ़, 15 जुलाई। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने साफ किया है कि उनका मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ कोई टकराव नहीं है। उल्लेखनीय है कि कटारिया से पहले सूबे के राज्यपाल रहे बनवारी लाल पुरोहित के साथ सीएम भगवंत मान के बीच अधिकार क्षेत्र को लेकर टकराव रहा था। गौरतलब है कि इनमें पुरोहित द्वारा विधानसभा से पारित विधेयकों को लंबित रखने और विधानसभा सत्र बुलाने की अनुमति ना देने के मुद्दे शामिल थे। तब राज्यपाल के रुख को भगवंत मान सरकार ने सुप्रीम कोर्ट और हाइकोर्ट में चुनौती दी थी।

बोले, मुझे भी दिल्ली का कहा करना पड़ेगा, हर पार्टी की मजबूरियां :

गौरतलब है कि कटारिया राजस्थान से है। राजस्थान में मीडिया से साक्षात्कार में राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने कहा, मेरे राज्यपाल रहते हुए कभी मुख्यमंत्री मान से टकराव नहीं हुआ। फाइलों पर उल्टी-सीधी बातें लिखने के क्रम को मैंने तोड़ा है। मान मेरा पूरा सम्मान करते हैं और मैं भी सम्मान करता हूं। अब काम करने का दोनों का ढंग अलग-अलग है। उनकी पार्टी दिल्ली से चलती है। कई बार वह भी मजबूर होते हैं। केजरीवाल जो चाहते हैं, वो करना पड़ता है। हर एक की अपनी-अपनी पार्टी की मजबूरियां होती हैं। हमको भी दिल्ली से कोई कुछ कहेगा तो हमें भी उसको स्वीकार करना ही पड़ेगा।

कटारिया ने कहा, पंजाब और केंद्र सरकार विचारधारा में अलग हैं, लेकिन काम तो साथ करना है। अगर आपको उनकी कोई चीज समझ में नहीं आती तो बुला लो। उनसे बात करके समझने की कोशिश करो। मैंने कोशिश की, मुख्यमंत्री ने भी बहुत पॉजिटिविटी दिखाई। कई बार उनकी बात मुझे ठीक लगती है। मैं स्वीकार कर लेता हूं। कई बार मेरी बात उनको ठीक लगती है तो वह स्वीकार कर लेते हैं। पंजाब में नशे के खिलाफ अभियान पर कटारिया ने कहा, इसके लिए हम मिलकर प्रयास कर सकते हैं। वहां दो ही बड़ी समस्याएं हैं नशा और धर्मातंरण।

———-

 

Leave a Comment