23 सितम्बर— पंजाब के लुधियाना में एक कांग्रेस नेता के भाई की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर बाइक पर सवार होकर आए थे। उन्होंने व्यक्ति को अहाते (शराब पीने का ठिकाना) में घेरा और गोलियां मारीं।
वारदात के बाद खून में लथपथ अवस्था में घायल को अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है, जो लुधियाना में यूथ कांग्रेस नेता अनुज कुमार का भाई था।
यह घटना हलका साहनेवाल के नंदपुर सूए के पास हुई। फिलहाल, थाना साहनेवाल के एसएचओ गुरमुख सिंह के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मृतक के भाई अनुज ने बताया है कि नंदपुर सूए के पास उनका भाई अमित अहाता चलाता था। उन्होंने बताया- बीती रात करीब पौने 11 बजे अमित अपने अहाते के पास ही था। अहाते में 3 युवक बाइक पर आए जिन्होंने कुछ खाना-पीना किया। इसके बाद जब उनसे पैसे मांगे गए तो उन लोगों ने बहस शुरू कर दी। अनुज के बताया है- अमित जब उन युवकों से कहना लगा कि आपने खाया है तो पैसे दीजिए तो एक युवक ने पिस्टल निकाल कर फायर कर दिया। गोली अमित के दिल के पास लगी, जिस कारण वह उसी समय खून से लथपथ हालत में जमीन पर गिर गया। हमें तुरंत अहाता कर्मी ने सूचित किया। मौके पर पहुंचे तो अमित का काफी खून बह चुका था। उसे अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर ने उसे मृत बता दिया। मृतक के भाई ने बताया है कि उनका परिवार करीब 25 साल से साहनेवाल इलाके में रहता है। अमित भी शादीशुदा था। करीब 17 साल पहले उसकी शादी हुई थी और उसके 2 बच्चे है। अनुज ने कहा कि पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिया है कि हमलावरों को जल्द पकड़ लेंगे। हालांकि, बदमाश कौन थे, इसका पता नहीं चल पाया। अटीम ने कुछ सबूत जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे CCTV भी खंगाले जा रहे हैं। बदमाशों की पहचान कर उन्हें जल्द पकड़ा जाएगा।
