किसान यूनियनें गांव-गांव जाकर जुटा रहीं समर्थन, 14 फरवरी तक हर दिन होंगे प्रोग्राम
चंडीगढ़ 6 फरवरी। फसलों की एमएसपी गारंटी समेत 13 मांगों को लेकर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर किसान आंदोलन जारी है। जिसको सप्ताह बाद एक साल पूरा हो जाएगा। इसे देखते हुए किसानों ने 11 से 13 फरवरी तक तीन महा-पंचायतें करने का फैसला किया है।
जानकारी के मुताबिक महा-पंचायतों में ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने के लिए किसान गांव-गांव जाकर लोगों को एकजुट कर रहे हैं। वहीं किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन 73वें दिन में प्रवेश कर गया है।
14 फरवरी को चंडीगढ़ में केंद्र सरकार के साथ किसानों की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में किसानों ने मोर्चों पर लगातार कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति बनाई है। 6 से 8 फरवरी तक हरियाणा के किसान अपने खेतों से पानी लेकर खनौरी बॉर्डर पर पहुंचेंगे। जबकि 9 फरवरी को संयुक्त किसान मोर्चा की ओर से कृषि मंडी नीति के मसौदे के खिलाफ देशभर के सांसदों को मांगपत्र देने का कार्यक्रम रखा है। हालांकि इस कार्यक्रम में संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़ी यूनियनें (गैर राजनीतिक) हिस्सा लेंगी। किसान नेता अभिमन्यु कोहाड़ ने भी महापंचायत को लेकर किसानों से एकजुट होकर समर्थन देने की अपील की है।
————-