सीएम मोहन यादव के करीबी हैं मध्यप्रदेश के नए राज्य अध्यक्ष
दिनेश मौदगिल
लुधियाना 9 जुलाई : भारतीय जनता पार्टी ने पिछले कुछ कई राज्यों में नए प्रदेश नियुक्त किए हैं और पंजाब में भी राज्य का नया कार्यकारी प्रधान नियुक्त किया गया है। वहीं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल को मध्य प्रदेश का अध्यक्ष चुना गया जिन्हें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का करीबी कहा जाता है। मध्य प्रदेश भाजपा में संगठनात्मक बदलाव ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है।विधायक हेमंत खंडेलवाल को मध्य प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष चुने जाने की प्रक्रिया ने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अब न केवल सरकार में बल्कि संगठन में भी निर्णायक शक्ति बन चुके हैं। मध्य प्रदेश में भाजपा के राज्य प्रधान की दौड़ में वैसे तो शिवराज सिंह चौहान, नरोत्तम मिश्रा, कैलाश विजयवर्गीय और प्रहलाद पटेल जैसे वरिष्ठ नेता के नाम भी चर्चा में रहे मगर यह सभी नाम पीछे छूट गए और हेमंत खंडेलवाल को जिम्मेवारी मिली। इस की गई नियुक्ति से यह संदेश साफ है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अब मोहन यादव की पसंद को ही तरजीह दे रहा है। हेमंत खंडेलवाल को आरएसएस का समर्थन प्राप्त है। वे लो-प्रोफाइल लेकिन ग्राउंड लेवल पर मजबूत पकड़ रखने वाले नेता हैं। उनका चयन इस बात का संकेत है कि अब भाजपा ऐसे नेताओं को आगे बढ़ाना चाहती है, जो विवादों से दूर रहकर संगठन को मजबूत करें। हालांकि नरोत्तम मिश्रा, कैलाश विजयवर्गीय, प्रहलाद पटेल जैसे नेताओं की उम्मीदें फिर टूटीं। खंडेलवाल के नामांकन में इन सभी नेताओं की मौजूदगी को महज “पार्टी एकता का दिखावा” माना जा रहा है। अंदरखाने सबको पता है कि यह फैसला सीएम डॉ मोहन यादव और आरएसएस की पसंद का नतीजा है। हेमंत खंडेलवाल के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने के पीछे सबसे बड़ा चेहरा मुख्यमंत्री मोहन यादव हैं। इससे पहले वे चौंकाने वाले ढंग से मुख्यमंत्री बनाए गए थे, अब पार्टी के संगठन में भी उनकी चल रही है। यह स्पष्ट संकेत है कि मध्यप्रदेश भाजपा की बागडोर अब पूरी तरह उनके हाथ में है।