साइबर क्राइम, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी
राजेश कुमार/रेशम सिंह बाछल
अम्बाला सिटी, 1 नवंबर। नारायणगढ़ राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पुलिस विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एसएचओ ललित शर्मा के निर्देशन में पीएसआई नेहा सिंगला, सब-इंस्पेक्टर हरदेव सिंह, एएसआई निर्मल, हैड कांस्टेबल पिंकी व सिपाही रेखा उपस्थित रहे। सब-इंस्पेक्टर हरदेव सिंह ने सभी देशवासियों को हरियाणा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी। पीएसआई नेहा सिंगला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। हमें सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा करने से बचना चाहिए। किसी भी संदिग्ध लिंक या संदेश पर क्लिक नहीं करना चाहिए।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मरक्षा, ऑनलाइन ठगी से बचाव व साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। साथ ही कहा कि जागरूक रहना ही सुरक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने परिवार व समाज को भी इन विषयों के प्रति जागरूक करना चाहिए। दूसरी ओर एसएचओ ललित शर्मा ने कहा कि पुलिस विभाग समय-समय पर इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम कराता रहता है। ताकि युवा वर्ग की कानूनी जानकारी और सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़े। उन्होंने विद्यार्थियों से यातायात नियमों का पालन करने, नशे से दूर रहने और अनुशासित नागरिक बनने की अपील की। इस अवसर पर स्कूल स्टाफ, शिक्षकगण व बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
———-





