watch-tv

पंजाब : सरकारी-कॉलेज अस्पतालों में ओपीडी शुरु सुप्रीम कोर्ट के आश्वासन पर लौटे हड़ताली डॉक्टर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

डॉक्टर काली पट्टी बांधकर जारी रखेंगे विरोध ताकि कोलकाता कांड में इंसाफ मिल सके

चंडीगढ़ 23 अगस्त। कोलकाता में महिला डॉक्टर के से रेप और हत्या के विरोध में पंजाब के सरकारी मेडिकल कालेजों के डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई। सुप्रीम कोर्ट के आश्वासन के बाद हड़ताल खत्म की गई। डॉक्टर शुक्रवार को काम पर लौट आए हैं। हालांकि वे अपन विरोध जारी रख काली पटि्टयां बांधकर ड्यूटी करेंगे।

शुक्रवार को पीजीआई चंडीगढ़, पटियाला और अमृतसर सरकारी मेडिकल कॉलेज में ओपीडी और अन्य सुविधाएं बहाल कर दी गईं। इस दौरान सभी डॉक्टर्स काली पट्टी बांधकर अपनी सेवाएं देते हुए रोष जताएंगे। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया ने वीरवार कहा था कि डॉक्टर काम पर लौट आएं। अस्पतालों की स्थिति वे जानते हैं। वे खुद एक सरकारी अस्पताल के फर्श पर सोए हैं, जब उनके परिवार का एक सदस्य बीमार था।

गौरतलब है कि सीजेआई ने राज्य सरकारों को डॉक्टरों के लिए उचित सुरक्षा इंतजाम करने को कहा है। इसके साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को निर्देश दिया है कि वे राज्य के मुख्य सचिवों और डीजीपी के साथ मिलकर डॉक्टर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करें। यह एक्सरसाइज एक हफ्ते में पूरी करने के लिए कहा गया है। कोर्ट के आदेशानुसार राज्य दो हफ्ते के अंदर इसे लागू करेंगे।

जानकारी के मुताबिक रेजिडेंस डॉक्टर्स एसोसिएशन अमृतसर मेडिकल कॉलेज के एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी डॉ. समर्थ गुप्ता ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आश्वासन के बाद डॉक्टर्स हड़ताल खत्म कर अपने काम पर लौट आए हैं। शुक्रवार से ओपीडी व अन्य सभी सुविधाएं आम दिनों की तरह चलेंगी।

इससे पहले सिर्फ इमरजेंसी में ही मरीजों को देखा जा रहा था। ओपीडी व अन्य सुविधाओं को ठप कर दिया गया था।

बता दें कि कोलकाता की घटना के बाद डॉक्टर मांग कर रहे हैं कि केंद्रीय सुरक्षा अधिनियम लागू किया जाए। ताकि कोलकाता जैसी घटनाओं को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। वहीं घटना की शिकार बनी महिला डॉक्टर के मामले में आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग भी डॉक्टर्स उठा रहे हैं।

———–

 

 

Leave a Comment