लुधियाना वैस्ट उप चुनाव में हारे कांग्रेसी उम्मीदवार भारत भूषण आशु ने छोड़ा था पार्टी का प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद
लुधियाना, 27 जून। पंजाब कांग्रेस में जारी अंर्तकलह थमने के आसार नहीं लगे हैं। लुधियाना वैस्ट विधानसभा सीट से उप चुनाव में हार के बाद कांग्रेसी उम्मीदवार भारत भूषण आशु पार्टी के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके हैं। उनका त्यागपत्र पार्टी हाईकमान ने मंजूर भी कर लिया। ऐसे में एक बार फिर सूबे के पूर्व मंत्री आशू के तल्ख तेवर सामने आए हैं।
उन्होंने अपने सोशल मीडिया पेज पर अपने पुराने तेवर दिखाते हुए कहा कि राजनीति जवाबदेही की मांग करती है, लेकिन ईमानदारी की भी। मेरे मुताबिक अगर इस्तीफा कांग्रेस पार्टी को फिर से संगठित करने में मदद कर सकता है तो इसे ऐसा करना चाहिए। उप-चुनाव के नतीजे निराशाजनक थे, लेकिन इसे कुछ व्यक्तियों की हरकतों तक सीमित करना ना केवल राजनीतिक रूप से गलत है, बल्कि आंतरिक रूप से भी नुकसानदेह है।
आशु ने फिर अपना दावा दोहराया कि मैंने ना तो पार्टी में कोई समानांतर अभियान चलाया और ना ही गुटबाजी में शामिल रहा। मेरे साथ मिलकर काम करने वाले लोग मेरी ईमानदारी को जानते हैं। कुछ लोगों ने इस चुनाव को पार्टी की सेवा करने के बजाए व्यक्तिगत हिसाब-किताब चुकाने के मंच के रूप में क्यों इस्तेमाल किया ? मैंने दो दशकों से अधिक समय तक कांग्रेस पार्टी की निष्ठा और दृढ़ विश्वास के साथ सेवा की है। अंत में उन्होंने लिखा, जय हिंद, जय कांग्रेस।