watch-tv

एनआईए ने शंभू बॉर्डर पर किसानों के बड़े रोष प्रदर्शन से एक दिन पहले की बठिंडा में महिला किसान नेता के रेड

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

हरियाणा में एनआईए ने कम्युनिस्ट नेता को हिरासत में लिया, किसानों ने रामपुरा फूल में लगा दिया जाम

बठिंडा, सोनीपत 30 अगस्त। नेशनल इन्वेस्टिगेशन टीम ने शुक्रवार सुबह हरियाणा और पंजाब में एक साथ रेड की। हरियाणा के सोनीपत में कम्युनिस्ट नेता के घर रेड कर उनको हिरासत में लिया गया। वह किसान आंदोलन के समर्थक बताए जाते हैं। जबकि पंजाब के बठिंडा इलाके में महिला किसान नेता के घर भी एनआईए की टीम ने रेड की। काबिलेजिक्र है कि कल शंभू बॉर्डर पर किसानों का बड़ा रोष प्रदर्शन होना है, उससे ठीक एक दिन पहले एनआईए की कार्रवाई होने से किसान भड़क गए हैं।

जानकारी के मुताबिक हरियाणा के सोनीपत में वर्धमान गार्डेनिया टॉवर रायपुर में आज सुबह कम्युनिस्ट नेता पंकज त्यागी के घर टीम पहुंची। यहां टीम ने घर से कुछ जरूरी दस्तावेज और फोन कब्जे में लेने के साथ पंकज त्यागी को भी हिरासत में ले लिया। घर से बाहर निकलते वक्त पंकज त्यागी ने  कहा कि यूपी की राजधानी लखनऊ में एनआईए ने कोई केस दर्ज किया है। उन पर सच बोलने की वजह से  मामला दर्ज हुआ है। इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

दूसरी तरफ, बठिंडा के कस्बा रामपुरा फूल स्थित सराभा नगर में भारतीय किसान यूनियन-क्रांतिकारी की महिला नेता सुखविंदर कौर खंडी के घर सुबह पांच बजे एनआईए टीम पहुंची। रेड की सूचना पर किसान यूनियन क्रांतिकारी के नेता भड़क गए। वह जाम लगाकर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि जब तक रेड के कारणों को नहीं बताया जाएगा, तब तक किसी को नहीं जाने दिया जाएगा।

रोष जताते किसान यूनियन के जिला प्रधान पुरुषोत्तम महाराज ने बताया कि घर में 85 साल के बुजुर्ग भी थे। घर से ना किसी को बाहर जाने दिया और ना ही किसी को फोन करने दिया गया। यहां तक कि सेवादार को भी घर में जाने नहीं दिया। जैसे ही उन्हें इस बारे में पता चला तो वह यहां पहुंचे।

उन्होंने एनआईए टीम से कहा कि कोई भी जांच करनी है तो उनकी यूनियन के मेंबर सामने होने चाहिएं। इसलिए अपने वकील सहित तीन लोग अंदर भेजे। किसान नेताओं ने बताया कि जब उन्होंने एसएचओ से पूछा कि यह कार्रवाई क्यों हो रही है तो उन्होंने बताया कि कुछ मेल एनआईए को गई थीं। किसानों ने रोष जताया कि यह घर गैंगस्टरों या आतंकियों का नहीं है। सरकार को इस चीज को समझना चाहिए।

केंद्र-राज्य सरकारों पर भड़के किसान :

किसानों ने बताया कि कल शंभू बॉर्डर पर किसानों द्वारा बड़ा प्रदर्शन करना है। उनकी यूनियन सरकारों की आंखों में चुभती है। दरअसल प्रदर्शन से सरकार पर दबाव बनेगा। इसी वजह से यह कार्रवाई की जा रही है। किसानों को उलझाया जा रहा है, उन्हें जेलों में बंद करने की कोशिश की जा रही है। केंद्र और पंजाब सरकार आपस मे मिली हुई है। पंजाब में बदलाव की सरकार आई थी, लेकिन अब यह भी कम नहीं है।

————-

 

Leave a Comment