चंडीगढ़: कलाग्राम में चल रहे कॉमेडी फेस्टिवल का रविवार को प्रयागराज की रंगमंच टीम के हास्य नाटक *‘अरे शरीफ लोग’* के प्रभावी मंचन के साथ समापन हुआ। कलाकारों के मंच संभालते ही दर्शकों के बीच ठहाकों का सिलसिला शुरू हो गया। मजेदार संवाद, सधे हाव-भाव और हास्यपूर्ण दृश्यों पर सभागार बार-बार तालियों से गूंज उठा।
प्रसिद्ध लेखक जयवंत दलवी द्वारा लिखे नाटक का निर्देशन *डॉ. मुकेश उपाध्याय और सुनील चौहान* ने किया। नाटक में खुद को शरीफ और संस्कारी दिखाने वाले लोगों के व्यवहार, सामाजिक दिखावे और छिपी कमजोरियों को हास्य-व्यंग्य के माध्यम से उजागर किया गया।
कलाकारों की शानदार टाइमिंग और संवाद अदायगी ने प्रस्तुति को जीवंत बनाए रखा। नाटक में सागर साहू ने लाउडस्पीकर, सक्षम मिश्रा ने छेदीलाल, प्राची सहगल ने कलावती, देवांश सिंह ने अनोखेलाल तथा काजल ने लक्ष्मी की भूमिका निभाई। दिवाकर दुबे, मंटू, अंश, गोविंद, निकाशा और दीपक ने भी अभिनय किया।
मंच के पीछे दुर्गेश शुक्ला और प्रदीप कुमार ने जिम्मेदारी संभाली। संगीत साक्षी और प्रकाश व्यवस्था सुनील चौहान की रही। दर्शकों ने प्रस्तुति को मनोरंजक होने के साथ समाज को आईना दिखाने वाला बताया।