अमृतसर (आर. के उप्पल) : गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक, शोध एवं अंतरराष्ट्रीय पहलों का संदेश अब अमेरिका के महत्वपूर्ण राजनीतिक मंचों तक पहुंच रहा है। यूनिवर्सिटी के पूर्व छात्र एवं ब्रांड एंबेसडर एडवोकेट स. जसप्रीत सिंह ने न्यूयॉर्क में प्रमुख अमेरिकी राजनीतिक नेताओं से मुलाकात कर यूनिवर्सिटी की उपलब्धियों और ‘अमृतसर-450’ पहल की विस्तृत जानकारी साझा की।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज की ओर से आयोजित डिनर के दौरान एडवोकेट जसप्रीत सिंह ने उनके साथ विशेष बातचीत की। उन्होंने श्री अमृतसर साहिब की 450वीं स्थापना वर्षगांठ को यादगार बनाने के लिए प्रस्तावित शैक्षणिक, सांस्कृतिक और अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के बारे में बताया।
दुनियाभर के पंजाबी-सिख समुदाय को जोड़ने की पहल
उन्होंने बताया कि ‘अमृतसर-450’ के तहत दुनिया भर के विद्वानों, शिक्षण संस्थानों, सामुदायिक नेताओं तथा पंजाबी और सिख डायस्पोरा को एक साझा मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य अमृतसर की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ-साथ शहर के भविष्य के लिए दूरदर्शी दिशा तैयार करना है।
डिनर के दौरान जसप्रीत सिंह को पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और कांग्रेस सदस्य जोश गॉटहाइमर से भी बातचीत का अवसर मिला। इस दौरान सिख समुदाय से जुड़े मुद्दों, इमिग्रेशन तथा ट्रक ड्राइवरों के सामने आ रही चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
वैश्विक मंच पर मजबूत होगी यूनिवर्सिटी की पहचान
गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के उप-कुलपति प्रो. (डॉ.) करमजीत सिंह ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दुनिया भर में रहने वाला पंजाबी और सिख समुदाय ‘अमृतसर-450’ का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है। उन्होंने कहा कि अमृतसर की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत पूरी दुनिया से जुड़ी है। ‘अमृतसर-450’ के माध्यम से यूनिवर्सिटी विरासत को शोध, संवाद, सेवा और ‘सरबत का भला’ की भावना से जोड़कर भविष्य की दिशा तय करने का प्रयास कर रही है।