जीरकपुर : धार्मिक और सामाजिक स्थानों पर सेवा कार्य करने के साथ अब श्री शारदा माता मंदिर की टीम ने शहर के श्मशान घाटों की सफाई और सौंदर्यीकरण का बीड़ा उठाया है। अभियान की शुरुआत आदर्श नगर स्थित महेंद्रू सती एवं श्मशान घाट से की गई। टीम ने यहां सफाई कर परिसर को स्वच्छ और बेहतर बनाने के लिए सेवा की।
सेवा कार्य में अमरीश भल्ला, तुषार कौशिक और मंगू सिंह (जोनी) ने भाग लिया। सदस्यों ने कहा कि शहर में विभिन्न संस्थाएं धार्मिक और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार सेवा कार्य करती हैं, लेकिन श्मशान घाटों की स्वच्छता और रखरखाव की तरफ भी समाज को ध्यान देने की जरूरत है।
अब हर रविवार अलग श्मशान घाट में करेंगे सेवा
टीम के सदस्यों ने बताया कि आदर्श नगर से शुरू किया गया यह अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा। अब प्रत्येक रविवार शहर के अलग-अलग श्मशान घाटों में सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा।
उन्होंने अन्य सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं से भी ऐसे स्थानों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। टीम ने अपने अभियान को मानवता और पर्यावरण की दिशा में एक छोटा प्रयास बताया।