अमृतसर (आर. के. उप्पल) : जिले के सभी स्कूलों में स्वच्छता एवं साफ-सफाई को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज स्वच्छता पखवाड़े की शुरुआत जिला शिक्षा अधिकारी (ए.सि.) अमृतसर स. कंवलजीत सिंह संधू द्वारा की गई। यह अभियान जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त तथा निजी स्कूलों में 1 सितंबर से 15 सितंबर तक चलाया जाएगा।
स्थानीय सरकारी एलीमेंट्री स्कूल फैजपुरा में मुख्य अध्यापक हरदयाल सिंह की अगुवाई में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे स. कंवलजीत सिंह संधू ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों में सफाई के प्रति जागरूकता पैदा करना और स्कूलों में स्वच्छ वातावरण को लंबे समय तक बनाए रखना है।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए स्वच्छता के महत्व को समझना बेहद जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, स्कूल और आसपास के वातावरण को साफ रखने के साथ-साथ अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए भी आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर स्कूल के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने वर्ष में कम से कम 100 घंटे स्वच्छता कार्यों के लिए समर्पित करने की शपथ ली। कार्यक्रम में जिला मीडिया कोऑर्डिनेटर परमिंदर सिंह सरपंच, कोऑर्डिनेटर स्मार्ट स्कूल रजिंदर सिंह, जिला नोडल अधिकारी गुरप्रीत सिंह वडाली गुरु, सुपरिंटेंडेंट अनिल कुमार महाजन, यादविंदर सिंह बीआरसी अमृतसर-2, मुनीश कुमार, विजय कुमार डीआरसी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।