मुलाना (अमरिंदर सिंह) :विदेश भेजने का सपना दिखाकर लाखों रुपये ऐंठने के मामले में मुलाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। फर्जी दस्तावेज, वीजा और टिकट तैयार कर कथित तौर पर 21 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रविन्द्र कुमार निवासी गांव रसूलपुर, थाना सढ़ौरा, जिला यमुनानगर के रूप में हुई है।पुलिस को दी शिकायत में गांव ठाकुरपुरा निवासी अवतार सिंह ने आरोप लगाया था कि आरोपियों ने उसे विदेश भेजने का भरोसा दिलाया। इसके बाद विदेश जाने से संबंधित फर्जी दस्तावेज, वीजा और टिकट तैयार कर उसे विश्वास में लिया गया तथा उससे करीब 21 लाख रुपये की रकम हड़प ली गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि पैसे मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत के आधार पर थाना मुलाना पुलिस ने 6 अगस्त 2026 को मुकदमा नंबर 196 दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में रविन्द्र कुमार के अलावा जसविन्द्र उर्फ जस्सी उर्फ टोनी, निवासी रसूलपुर को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।जांच के दौरान पुलिस चौकी कलालटी के अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक सुशील कुमार ने 31 अगस्त को आरोपी रविन्द्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को 1 सितंबर को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने ठगी की रकम से जुड़े अहम सुराग जुटाने और 21 लाख रुपये की रिकवरी के लिए आरोपी का दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया।अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ठगी की रकम कहां इस्तेमाल की गई और इस पूरे मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ ठगी की रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।पुलिस चौकी कलालटी प्रभारी स.उप.नि. विश्वबन्धु के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि ठगी से जुड़े प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है।