चंडीगढ़: हरियाणा विधानसभा में कानून-व्यवस्था को लेकर सियासी पारा चढ़ गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार को अपराध पर घेरने से पहले विपक्ष अपने शासनकाल का रिकॉर्ड देखे। उन्होंने तंज कसा कि विपक्ष किसी घटना में पीड़ित के आंसू पोंछने से पहले राजनीतिक मौका तलाशने लगता है।
विधानसभा में ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का जवाब देते हुए सैनी ने कांग्रेस और इनेलो के पुराने शासनकाल की कई घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने 1984 के दंगों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आज तक माफी नहीं मांगी गई और उस दौर से जुड़े व्यक्ति को रोल मॉडल बताना पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस शासनकाल को ‘रूलतंत्र’ करार देते हुए होंडा आंदोलन, गोहाना कांड, मिर्चपुर हिंसा, अपना घर कांड और मानेसर की हिंसक घटना का भी उल्लेख किया।
सैनी ने कहा कि उनकी सरकार की नीति अपराध के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की है। डायल-112 व्यवस्था के तहत 10 आपातकालीन सेवाओं को जोड़ा गया है और 250 नए रिस्पॉन्स वाहन मंजूर किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 1 से 15 अगस्त तक ‘ऑपरेशन ट्रैकडाउन’ में 4,771 अपराधी गिरफ्तार किए गए। मुख्यमंत्री ने साफ संदेश दिया—अपराधी कितना भी प्रभावशाली हो, कानून से बड़ा कोई नहीं।