डेराबस्सी क्षेत्र में DAP और यूरिया की कथित कमी को लेकर किसानों ने चिंता जताई है। भारतीय किसान यूनियन लखोवाल के प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम और मुख्य कृषि अधिकारी को मांगपत्र सौंपकर अमलाला सहकारी समिति में पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों ने कहा कि सब्जियों की खेती के साथ आगामी आलू की बुआई प्रभावित हो सकती है। अधिकारियों ने खाद की कमी नहीं होने देने का भरोसा दिया।

डेराबस्सी : डेराबस्सी क्षेत्र में डीएपी और यूरिया खाद की कथित किल्लत से सब्जियों तथा आगामी आलू की फसल की तैयारी प्रभावित होने की आशंका है। भारतीय किसान यूनियन लखोवाल के ब्लॉक डेराबस्सी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एसडीएम डेराबस्सी और मुख्य कृषि अधिकारी मोहाली को मांगपत्र सौंपकर अमलाला सहकारी समिति के अधीन आने वाले गांवों में खाद की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व यूनियन के जिला उपाध्यक्ष जसविंदर सिंह अमलाला ने किया। किसान नेताओं ने अधिकारियों को बताया कि डेराबस्सी के ग्रामीण क्षेत्र में अन्य इलाकों के मुकाबले सब्जियों की खेती अधिक होती है। धान की फसल भी तैयार होने वाली है और इसके बाद किसानों को आलू की बुआई के लिए खेत तैयार करने हैं। ऐसे में डीएपी और यूरिया समय पर नहीं मिलने से फसलों की बुआई तथा देखभाल का चक्र प्रभावित हो सकता है।

कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष हरी सिंह बहोड़ा ने कहा कि खाद मिलने में देरी होने पर किसान समय पर फसल तैयार नहीं कर पाते। इससे उत्पादन घटने के साथ फसल की गुणवत्ता और बाजार भाव पर भी असर पड़ता है। इसका सीधा आर्थिक नुकसान किसानों को उठाना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि सहकारी समिति में जरूरत के अनुसार खाद का अग्रिम स्टॉक उपलब्ध कराया जाए, ताकि बुआई के समय किसानों को परेशान न होना पड़े।

एसडीएम डेराबस्सी और मुख्य कृषि अधिकारी मोहाली ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के किसानों को खाद को लेकर परेशानी नहीं आने दी जाएगी। किसानों की मांग उच्च अधिकारियों और सरकार तक पहुंचाकर उचित कार्रवाई की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल में जसविंदर सिंह अमलाला, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष हरी सिंह बहोड़ा, केहर सिंह चडियाला, हरी सिंह, परविंदर सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।