‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत निकाली जा रही मशाल रिले 28 अगस्त को अमृतसर पहुंचेगी। गांव जैंतीपुर से प्रवेश कर यात्रा विभिन्न मार्गों से गुरु नानक स्टेडियम पहुंचेगी। 29 अगस्त को मशाल तरनतारन रवाना होगी। अमृतसर में ब्लॉक स्तरीय मुकाबले 8 से 17 सितंबर तक होंगे, जिनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो और प्रदर्शन खेल के तौर पर टेनिस बॉल क्रिकेट शामिल होंगे।

अमृतसर (आर. के. उप्पल) : पंजाब सरकार एवं खेल विभाग पंजाब द्वारा ‘खेडां वतन पंजाब दियां-2026’ के तहत राज्यभर में ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर खेल मुकाबले करवाए जा रहे हैं। खेलों के प्रति युवाओं में उत्साह और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निकाली जा रही मशाल रिले यात्रा 28 अगस्त को जिला अमृतसर पहुंचेगी।

खेलों की तैयारियों को लेकर आयोजित जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने बताया कि 12 अगस्त को संगरूर से शुरू हुई मशाल रिले विभिन्न जिलों से होते हुए 28 अगस्त को गुरदासपुर के रास्ते अमृतसर पहुंचेगी। सुबह 10 बजे यह यात्रा गांव जैंतीपुर से जिले में प्रवेश करेगी और वेरका बाईपास चौक, बटाला रोड, संत सिंह सुखा सिंह चौक तथा नॉवेल्टी चौक से होते हुए गुरु नानक स्टेडियम स्थित जिला खेल अधिकारी कार्यालय पहुंचेगी।

विभिन्न स्थानों पर खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी मशाल यात्रा का भव्य स्वागत करेंगे।
29 अगस्त को सुबह 9 बजे मशाल रिले गुरु नानक स्टेडियम से रवाना होकर एलिवेटेड रोड और तारांवाला पुल से होते हुए गांव चब्बा पहुंचेगी, जहां इसे तरनतारन के जिला खेल अधिकारी को सौंपा जाएगा।
8 से 17 सितंबर तक होंगे ब्लॉक स्तरीय मुकाबले
अमृतसर जिले में ब्लॉक स्तरीय मुकाबले 8 से 17 सितंबर तक दो चरणों में आयोजित होंगे। इनमें एथलेटिक्स, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल और खो-खो शामिल हैं। इस वर्ष टेनिस बॉल क्रिकेट को प्रदर्शन खेल के रूप में भी शामिल किया गया है।
पहले चरण में चौगावां, तरसिक्का, अटारी, वेरका और अजनाला ब्लॉकों में मुकाबले होंगे, जबकि दूसरे चरण में म्युनिसिपल कॉरपोरेशन, रईया, मजीठा, जंडियाला गुरु और हरशा छीना ब्लॉकों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
श्रीमती पल्लवी मिश्रा ने खिलाड़ियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि इच्छुक खिलाड़ी sports.punjab.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। खेलों संबंधी जानकारी के लिए जिला खेल अधिकारी कार्यालय, गुरु नानक स्टेडियम, अमृतसर से संपर्क किया जा सकता है।