अंबाला में INLD प्रवक्ता ओंकार सिंह ने 1984 सिख विरोधी हिंसा के दोषी पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार की मौत पर कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि दोषी व्यक्ति को ‘अच्छा नेता’ या आदर्श बताना सिख समाज के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। ओंकार सिंह ने भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला से स्पष्टीकरण तथा पीड़ित परिवारों से माफी मांगने की मांग की।

अंबाला: 1984 के सिख नरसंहार के मामले में दोषी ठहराए गए पूर्व कांग्रेस सांसद सज्जन कुमार की तिहाड़ जेल में मृत्यु के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा दिए गए बयानों की कड़ी निंदा करते हुए इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह ने कहा कि 1984 के जख्म सिख समाज के लिए कभी न भरने वाले जख्म हैं। ऐसे व्यक्ति, जिसे अदालत ने सिखों की हत्या के मामले में दोषी ठहराया और जिसे दो मामलों में उम्रकैद की सजा हुई, उसके प्रति कांग्रेस नेताओं का सार्वजनिक रूप से सम्मान और श्रद्धांजलि व्यक्त करना बेहद पीड़ादायक और निंदनीय है।

सज्जन कुमार की 20 अगस्त 2026 को मृत्यु हुई और वे तिहाड़ में सजा काट रहे थे।स्थानीय विश्राम गृह, अम्बाला छावनी में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला प्रधान जगमाल सिंह रोलों ने कहाकि कांग्रेस व बीजेपी दोनों को 1984 के सिख नरसंहार के दोषियों के प्रति अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। इस अवसर पर ओंकार सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सज्जन कुमार को अपना मित्र बताते हुए उन्हें ‘अच्छा नेता’ और ‘जिंदादिल इंसान’ कहा, जबकि दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनकी मृत्यु को देश के राजनीतिक क्षितिज की ऐसी क्षति बताया जिसकी भरपाई नहीं हो सकती तथा उन्हें कांग्रेस का रोल मॉडल तक कहा, उनके जनसंपर्क और लोगों के बीच उनकी पकड़ को उदाहरण बताया। कांग्रेस के अन्य नेताओं, जिनमें रणदीप सुरजेवाला भी शामिल हैं, ने भी सज्जन कुमार को अच्छा नेता बताया। ओंकार सिंह ने कहा कि जिस व्यक्ति को अदालत ने 1984 के सिख विरोधी हिंसा से जुड़े हत्या के मामले में दोषी ठहराया हो, उसे राजनीतिक आदर्श या उदाहरण के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास सिख समाज के जख्मों पर नमक छिड़कने के समान है। दिल्ली हाईकोर्ट ने 2018 में पांच सिखों की हत्या और गुरुद्वारे में आगजनी से जुड़े मामले में सज्जन कुमार को उम्रकैद की सजा सुनाई थी तथा 2025 में एक अन्य मामले में दो सिखों की हत्या के लिए भी उन्हें उम्रकैद की सजा हुई थी।

उन्होंने कहा कि दीपेंद्र हुड्डा अब सफाई दे रहे हैं कि उन्होंने ‘रोल मॉडल’ शब्द नहीं कहा, लेकिन उनके मूल बयान में सज्जन कुमार के जनसंपर्क और उनके उदाहरण का उल्लेख किया गया था। यदि उनके शब्दों को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है तो उन्हें पूरा मूल बयान जनता के सामने रखना चाहिए। ओंकार सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं से हमारा सीधा सवाल है कि क्या सज्जन कुमार आपके लिए आदर्श हैं? क्या 1984 में मारे गए हजारों निर्दोष सिखों की पीड़ा से ज्यादा महत्वपूर्ण आपके लिए सज्जन कुमार से राजनीतिक संबंध हैं? यदि ऐसा नहीं है तो भूपेंद्र हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करें कि वे 1984 के पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और सज्जन कुमार के कृत्यों की निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि 1984 में हजारों सिखों की हत्या हुई, लोगों को जिंदा जलाया गया और परिवारों को उजाड़ दिया गया। उन पीड़ित परिवारों ने दशकों तक न्याय के लिए संघर्ष किया। ऐसे में किसी दोषी व्यक्ति को महिमामंडित करने वाला कोई भी बयान उनकी पीड़ा को और बढ़ाता है। ओंकार सिंह ने कहा कि कांग्रेस को सिख समाज के सामने अपना वास्तविक रुख स्पष्ट करना चाहिए। जब सिखों के वोट की जरूरत होती है तो कांग्रेस नेता सिख समाज के साथ भाईचारे की बातें करते हैं, लेकिन जब 1984 के दोषियों की बात आती है तो वही नेता उनके प्रति सम्मान और आत्मीयता दिखाते नजर आते हैं। यह दोहरा रवैया अब जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि 1984 के सिख नरसंहार की तरह ही उस दौर में भाजपा नेताओं द्वारा अपनाए गए रवैये पर भी सवाल उठता है। उन्होंने कहा कि 3 मई 1984 को भाजपा के तत्कालीन वरिष्ठ नेताओं लालकृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा दिल्ली में धरना देकर स्वर्ण मंदिर में सैन्य कार्रवाई की मांग किए जाने का इतिहास में उल्लेख मिलता है। इसलिए किसी भी राजनीतिक दल को 1984 की त्रासदी पर राजनीति करने से पहले अपने अतीत में भी झांकना चाहिए। उन्होंने कहा कि सिख समाज किसी राजनीतिक दल की जागीर नहीं है। हर सिख को अपनी राजनीतिक पसंद चुनने का पूरा अधिकार है, लेकिन प्रत्येक व्यक्ति को यह भी देखना चाहिए कि जिन नेताओं के पीछे वह खड़ा है, उनका 1984 के पीड़ितों और दोषियों के प्रति वास्तविक दृष्टिकोण क्या है।

ओंकार सिंह ने कहा कि गुरु ग्रंथ साहिब जी और गुरु साहिबानों की शिक्षाएं न्याय, मानवता, अत्याचार के खिलाफ खड़े होने और कुर्बानी की प्रेरणा देती हैं। इसलिए सिख समाज को यह सवाल स्वयं से पूछना चाहिए कि क्या उन लोगों को अपना राजनीतिक आदर्श बनाया जा सकता है जो 1984 के सिख नरसंहार से जुड़े दोषी व्यक्ति के प्रति सार्वजनिक रूप से सम्मान व्यक्त करते हैं। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सुरजेवाला अपने बयानों पर स्पष्टीकरण दें और 1984 के पीड़ित परिवारों से माफी मांगें। साथ ही कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट करना चाहिए कि 1984 के सिख नरसंहार के दोषी सज्जन कुमार को लेकर पार्टी की आधिकारिक नीति क्या है। , पत्रकार वार्ता में प्रदेश महासचिव शीश पाल जनधेडी, चरणजीत सिंह मोहड़ी, तारा सिंह, इकबाल सिंह, बलजीत सिंह भानोखेड़ी, निर्मल सिंह,संपत सिंह, गौरव सरोहा, कुलजीत भाटीया, सुखप्रीत सिंह सेठी, तरनप्रीत सिंह, सरबजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, मोनू, चरणजीत सिंह बिंद्रा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।