भीषण आग में बच्चे समेत सात की मौत, जयपुर में शोक की लहर

जयपुर (Narendra Singh Danu): राजस्थान की राजधानी जयपुर के खोह नागोरियान थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक अवैध पटाखा गोदाम में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में एक बच्चे समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है।

प्रशासन के अनुसार आयशा नगर तलाई स्थित आईटीआई कॉलेज के पास बने इस गोदाम में सुबह करीब 11 बजे अचानक आग भड़क उठी। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया और कई धमाकों के बीच अंदर मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हादसे में अब्दुल वाहिद, बिलाल खान, समीर, आजीम खान उर्फ आविद और राबिल समेत सात लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो शवों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। गंभीर रूप से झुलसे नासिर का इलाज एसएमएस अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

एसएमएस अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की हालत बेहद गंभीर थी और कुछ ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि कई लोग 70 से 95 प्रतिशत तक झुलस गए थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गोदाम अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। मकान मालिक ने इसे किराये पर दिया था, जहां पटाखों का भंडारण और निर्माण कार्य किया जा रहा था। पुलिस ने मौके को सील कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि रिहायशी इलाके में अवैध रूप से गोदाम चलाया जा रहा था। मामले में गोदाम संचालकों के साथ-साथ लापरवाही या मिलीभगत पाए जाने पर अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की गई है।

स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई लोगों को बचाया नहीं जा सका।

घटना पर हरिभाऊ बागड़े, किरोड़ी लाल मीणा और अशोक गहलोत ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

फिलहाल पुलिस, एफएसएल और प्रशासनिक टीमें संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। इस घटना ने रिहायशी क्षेत्रों में अवैध रूप से संचालित पटाखा गोदामों पर निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।