आपदा प्रबंधन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों के लिए सुनहरा मौका

कुरुक्षेत्र (परमिंदर सिंह) : उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पुरस्कार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए व्यक्तियों एवं संस्थाओं को प्रदान किया जाता है। यह पुरस्कार प्रत्येक वर्ष 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर प्रदान किया जाता है।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि यह पुरस्कार दो श्रेणियों में दिया जाता है, जिसमें व्यक्तिगत एवं संस्थागत श्रेणियां शामिल हैं। केवल भारतीय नागरिक और भारतीय संस्थान ही इस पुरस्कार के लिए पात्र हैं। इसमें ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनका संबंध आपदा प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान, नवाचार तथा जागरूकता गतिविधियों से हो। आवेदन के साथ आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण देना अनिवार्य होगा।

उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने जिले के सभी पात्र संस्थानों एवं व्यक्तियों से अपील की कि वे इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए समय रहते आवेदन करें। पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण पोर्टल एनडीएमए डॉट इन पर उपलब्ध है।