Kurukshetra में बयान, सुरजेवाला को अध्यक्ष बनाने की मांग तेज

कुरुक्षेत्र (अश्विनी वालिया) : किसान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष एडवोकेट मधुसूदन बवेजा ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं राज्यसभा सदस्य रणदीप सुरजेवाला को यदि पार्टी आलाकमान राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपता है तो इससे कांग्रेस संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी।

बवेजा ने कहा कि सुरजेवाला ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में युवा कांग्रेस से लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि सुरजेवाला विभिन्न राज्यों के प्रभारी, टिकट वितरण समिति के सदस्य, अनुशासन समिति के सदस्य तथा स्टार प्रचारक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि सुरजेवाला की पहचान एक समर्पित, अनुभवी और संगठन के प्रति निष्ठावान नेता के रूप में है। सभी वर्गों और कार्यकर्ताओं के बीच उनकी अच्छी पकड़ है तथा वे पार्टी के लिए हमेशा एक सच्चे सिपाही की तरह खड़े रहे हैं।

बवेजा ने कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया कि आगामी चुनावों को देखते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए सुरजेवाला के अनुभव और कार्यशैली का लाभ उठाया जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि पार्टी की कमान सुरजेवाला के हाथों में आती है तो कांग्रेस को मजबूती मिलेगी तथा पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और सुरजेवाला की टीम कांग्रेस को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सक्षम है।