बाबा जक्ख साहिब के वार्षिक जोड़ मेले में हुए शामिल, विकास कार्यों और सड़क परियोजनाओं की दी जानकारी

होशियारपुर (दलजीत अज्नोहा) : बाहोवाल स्थित बाबा जक्ख साहिब के वार्षिक जोड़ मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिरकत की। इस विशाल धार्मिक समागम में चब्बेवाल के विधायक डॉ. ईशांक कुमार भी शामिल हुए और पवित्र स्थल पर माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी को इस आध्यात्मिक उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जानकारी दी कि बाहोवाल गांव में ₹13.5 करोड़ से अधिक के विकास कार्य पूरे हो चुके हैं अथवा प्रगति पर हैं, जिससे गांव के विकास को नई ऊंचाइयां मिली हैं। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं में बहोवाल से बाबा जक्ख साहिब तक सड़क के निर्माण एवं उन्नयन का कार्य भी शामिल है, जिस पर ₹1.57 करोड़ की लागत आ रही है। उन्होंने कहा कि यह सड़क न केवल स्थानीय निवासियों और किसानों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी, बल्कि बाबा जाखू साहिब को आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आवागमन को सुगम बनाएगी।

डॉ. ईशांक कुमार ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के अलावा क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगभग ₹9.32 करोड़ की अन्य सड़क परियोजनाओं पर भी कार्य जारी है। इनमें होशियारपुर-माहिलपुर रोड से बाहोवाल-भाम सड़क वाया बाड़ीआं कलां- मक्खनगढ़ की 10.50 किलोमीटर लंबी सड़क का उन्नयन ₹8.03 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बाहोवाल से खेतीबाड़ी भवन बाड़ीआं तक की सड़क के उन्नयन पर भी ₹1.28 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।

विधायक ने कहा कि सड़क परियोजनाओं के साथ-साथ बाहोवाल पंचायत की मांग पर कई महत्वपूर्ण विकास कार्य पहले ही पूरे किए जा चुके हैं। इनमें ₹2.45 करोड़ की लागत से सिंचाई ट्यूबवेल प्रणाली की मरम्मत, ₹5 लाख की लागत से गलियों और नालियों का निर्माण एवं सुधार, ₹5 लाख से खेल मैदान का विकास, ₹5 लाख से सीवरेज एवं गंदे पानी के निकास संबंधी कार्य तथा बाढ़ से हुए नुकसान संबंधी कार्यों के लिए ₹2 लाख की विशेष ग्रांट शामिल है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से गांव में बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है तथा लोगों की लंबे समय से लंबित मांगों का समाधान हुआ है।

सभा को संबोधित करते हुए डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि बेहतर सड़कें, सिंचाई सुविधाएं, स्वच्छता ढांचा और खेल सुविधाएं चब्बेवाल विधानसभा क्षेत्र के लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बना रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में वह यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि विकास की रोशनी हर गांव तक पहुंचे और सरकार की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिले। उन्होंने दोहराया कि क्षेत्र के लोगों की प्रत्येक जायज मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और आने वाले समय में भी विकास कार्य इसी गति से जारी रहेंगे।

बहोवाल के सरपंच हरदीप सिंह ने डॉ. ईशांक कुमार का धन्यवाद करते हुए कहा कि बहोवाल और आसपास के गांवों के लोग उनके विकासोन्मुखी दृष्टिकोण की सराहना कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जारी सड़क परियोजनाएं क्षेत्र की संपर्क व्यवस्था को और मजबूत करेंगी तथा समग्र विकास को नई दिशा देंगी।