थानेसर (प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी) : शिक्षा के माध्यम से युवाओं के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में "नवीन जिन्दल यशस्वी छात्रवृत्ति योजना" जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की किरण बन रही है। इसी योजना को अधिक प्रभावी ढंग से युवाओं तक पहुंचाने के लिए आज जिन्दल हाउस, कुरुक्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को लाभान्वित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान सांसद नवीन जिन्दल के संसदीय कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अब तक कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के 915 मेधावी एवं जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को इस योजना के माध्यम से 2 करोड़ 25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का स्पष्ट लक्ष्य है कि आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा में बाधा न बने।
उन्होंने क्षेत्र के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आह्वान करते हुए कहा कि अधिक से अधिक युवा इस योजना का लाभ लेने के लिए आगे आएं, ताकि वे बिना किसी आर्थिक चिंता के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें और अपने जीवन के लक्ष्यों को प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर कैथल कार्यालय प्रभारी रविंद्र धीमान ने कहा कि वर्तमान समय में स्कूलों एवं कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का मानना है कि शिक्षा ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है, इसलिए अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस योजना से जोड़ने का अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस योजना का दायरा और अधिक विस्तृत करते हुए अब प्राथमिक कक्षा से लेकर 12वीं तक पढ़ने वाले उन छात्र-छात्राओं को भी शामिल किया गया है, जिनका पालन-पोषण विधवा अथवा सिंगल मदर द्वारा किया जा रहा है। ऐसे विद्यार्थियों की 50 प्रतिशत फीस नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा वहन की जा रही है। वहीं अनाथ बच्चों की 100 प्रतिशत फीस का भुगतान भी फाउंडेशन द्वारा किया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि नवीन जिन्दल यशस्वी छात्रवृत्ति योजना शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सरोकार का एक ऐसा अभिनव प्रयास बनकर उभरी है, जो आर्थिक रूप से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है और उनके सपनों को नई उड़ान दे रही है। इस अवसर पर अजैब सिंह, श्याम कौशिक, डॉ. राज कुमार, मोहित शर्मा और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।