फरीदाबाद में नर्सों का धरना, बयान वापस लेने की मांग

फरीदाबाद (NarendraSingh Danu) : कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ के साथ कथित दुर्व्यवहार और आपत्तिजनक टिप्पणियों के विरोध में फरीदाबाद के सिविल अस्पताल के नर्सिंग कर्मचारियों ने मंगलवार को दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल कर अपना विरोध जताया।

नर्सिंग स्टाफ ने रेणु भाटिया से अपने बयान वापस लेने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि उनके द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा से पूरे प्रदेश का नर्सिंग समुदाय आहत हुआ है।

नर्सिंग स्टाफ प्रतिनिधि राजकुमारी ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी दिन-रात मरीजों की सेवा में लगे रहते हैं, ऐसे में उनके सम्मान को ठेस पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर प्रदेशभर के अस्पतालों में नर्सिंग कर्मचारी विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

वहीं, स्टाफ सदस्य सविता ने आरोप लगाया कि संबंधित बयान में नर्सिंग कर्मचारियों के साथ-साथ उनके परिवारों के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जो किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी घटना की जिम्मेदारी तय करते समय संबंधित व्यक्तियों या प्रशासन से जवाबदेही मांगी जानी चाहिए, न कि पूरे नर्सिंग समुदाय को कटघरे में खड़ा किया जाए।

नर्सिंग कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की गई है, लेकिन मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इसके लिए यूनियन की बैठक बुलाई गई है, जिसमें आगे की रणनीति तय की जाएगी।

फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर नर्सिंग कर्मचारियों में भारी रोष बना हुआ है और आने वाले दिनों में विरोध तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।