सीएम सैनी का क्रिकेट प्रेम, मैदान पर दिखाया कौशल, Michael Clarke की गेंद पर सैनी का जलवा, दो छक्कों से जीता दिल

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेट कप्तान Michael Clarke के बीच एक दिलचस्प क्रिकेट मुलाकात चर्चा का विषय बन गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्लार्क की गेंदबाजी पर दो शानदार छक्के जड़ दिए, जिस पर क्लार्क ने मजाकिया अंदाज में कहा कि “एक ओवर में दो छक्के खाने के बाद अब उन्हें गेंदबाजी छोड़ने पर विचार करना चाहिए।”

न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच के बाद क्लार्क मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। यहां औपचारिक बातचीत के बाद दोनों ने हल्का-फुल्का क्रिकेट खेला, जो यादगार पल बन गया।

मुलाकात के दौरान क्लार्क ने मुख्यमंत्री को अपना ऑटोग्राफ किया हुआ बैट भी भेंट किया। खेल के दौरान मुख्यमंत्री सैनी ने जहां दो छक्के लगाए, वहीं चार गेंदों को डिफेंड भी किया। इस पर दोनों के बीच हंसी-मजाक का माहौल बन गया।

बाद में क्लार्क ने हरियाणा की खेल प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि राज्य में बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद हैं और भविष्य में यहां से अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटर उभर सकते हैं। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि यदि अवसर मिला तो वे हरियाणा में क्रिकेट अकादमी शुरू करने पर विचार कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने इस मुलाकात को खास बताते हुए कहा कि ऐसे अनुभव युवाओं के लिए प्रेरणादायक होते हैं और खेल भावना को बढ़ावा देते हैं।