आयुर्वेदिक दवाओं की अवैध फैक्ट्री पर प्रशासन का शिकंजा

फरीदाबाद (Narendra Singh Danu) : केंद्रीय आयुष विभाग और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शहर में बिना लाइसेंस संचालित आयुर्वेदिक दवा फैक्टरी पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया और संचालक को गिरफ्तार कर लिया।

दीपावली एंक्लेव, गली नंबर-7, नवीन नगर स्थित दो मंजिला परिसर में की गई इस कार्रवाई में टीम ने भारी मात्रा में पैकिंग सामग्री, पाउडर, खाली कैप्सूल, बोतलें और दवाओं के लेबल बरामद किए। प्रारंभिक जांच में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के प्रावधानों के उल्लंघन की पुष्टि हुई है।

जांच के दौरान यह सामने आया कि यहां पाउडर को कैप्सूल में भरकर बाजार में बेचा जा रहा था। बरामद पैकिंग सामग्री पर ‘एसएस हर्बल’ का नाम भी अंकित मिला है।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, इस वर्कशॉप का संचालन देशबंधु और उसका बेटा संदीप कुमार कर रहे थे। मामले में फर्म के प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार से पहले ही पूछताछ की जा चुकी है, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।

आयुष विभाग ने 12 दवा नमूने जांच के लिए भेजे हैं। मौके से बरामद सामग्री का पूरा रिकॉर्ड तैयार कर पुलिस को सौंप दिया गया है। इसके बाद परिसर को आधिकारिक रूप से सील कर दिया गया और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।