कलायत (रवि जैस्ट) : तहसीलदार अजय कुमार ने सोमवार को पटवारखाना कलायत का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं, विभिन्न रजिस्टरों तथा राजस्व कार्यों की गहन जांच की गई। साथ ही पटवारखाने में पहुंचे नागरिकों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया गया।
तहसीलदार ने बताया कि निरीक्षण के दौरान राजस्व रिकार्ड का रख-रखाव संतोषजनक पाया गया। आम नागरिकों ने भी राजस्व सेवाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के समय हल्का बाता के पटवारी अशोक ढूल बिना अनुमति अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित पाए गए। इस मामले में संबंधित पटवारी को स्पष्टीकरण नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है।
तहसीलदार अजय कुमार ने कहा कि प्राप्त जबाव के आधार पर नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने सभी पटवारियों एवं अन्य कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे कार्यालय समय के दौरान अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा आमजन को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध करवाएं।