पंचायत चुनाव की तैयारी तेज, मतदान दल भेजे गए

मंडी: मंडी सदर क्षेत्र में पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 55 पंचायतों में मतदान संपन्न कराने के लिए मतदान दलों को रवाना कर दिया गया है।

प्रशासन के अनुसार, सभी पोलिंग पार्टियों को आवश्यक चुनाव सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए भेजा गया है। मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं और चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा।

सहायक रिटर्निंग अधिकारी-सह-एसडीएम सदर मंडी रूपिंद्र कौर की निगरानी में मतदान दलों को विपाशा सदन मंडी से बसों के माध्यम से प्रथम चरण के चुनावों के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि 26 मई को सबसे अधिक 121 मतदान केंद्रों, 28 मई को 111 तथा 30 मई को 91 मतदान केन्द्रों पर मतदान करवाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जिला परिषद, पंचायत समिति, प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के चुनावों के लिए मतदान दलों को सुरक्षा कर्मियों के साथ रवाना किया गया है। इस दौरान मतदान प्रक्रिया में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

रूपिन्द्र कौर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश पंचायती राज अधिनियम-1994 की धारा 158-जी के तहत मतदान के दिन सभी मतदान केन्द्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की प्रचार गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसकी अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश सभी मतदान अधिकारियों को दिए गए हैं। उन्होंने सभी मतदान टीमों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत संबंधित सेक्टर अधिकारी से संपर्क करें।

प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करें।