ड्यूटी में गैरहाजिरी पर वेतन रोकने का आदेश जारी

लुधियाना: जनगणना ड्यूटी के लिए रिपोर्ट न करने वाले शिक्षा विभाग के टीचर्स और मुलाजिमों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नगर निगम लुधियाना ने जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) को पत्र लिखकर अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। डीईओ (सेकेंडरी और एलीमेंट्री) को भेजे गए पत्र में नगर निगम ने सिफारिश की है कि जनगणना ड्यूटी के लिए रिपोर्ट न करने वाले टीचर्स और मुलाजिमों को उनके संबंधित स्कूलों में भी अनुपस्थित माना जाए। साथ ही यह भी सुझाव दिया गया है कि ऐसे टीचर्स और मुलाजिमों के वेतन रोके जाएं। निर्देशों में कहा गया है कि संबंधित जनगणना अधिकारी द्वारा एनओसी जारी होने तक वेतन रोका जाए। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध सरकारी कार्य है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

अधिकारियों ने यह भी कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसके लिए संबंधित स्कूल प्रमुख और कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। उन्होंने बताया कि पहले भी नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन कुछ शिक्षक/कर्मचारी अब तक ड्यूटी के लिए उपस्थित नहीं हुए हैं।