पानीपत (निर्मल सिंह विर्क) : जिला पानीपत में लोकतंत्र की जड़ें लगातार मजबूत हो रही हैं। 20 मई 2026 तक जारी वर्तमान मतदाता आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 9 लाख 66 हजार 503 तक पहुंच गई है। इनमें 5 लाख 09 हजार 479 पुरुष, 4 लाख 57 हजार 001 महिला तथा 23 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 24-पानीपत ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख 07 हजार 348 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 1 लाख 62 हजार 383 पुरुष,1 लाख 44 हजार 956 महिला तथा 9 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
25-पानीपत सिटी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 47 हजार 850 मतदाता हैं। जिनमें 1 लाख 29 हजार ,927 पुरुष, 1 लाख 17 हजार 913 महिला तथा 10 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
इसी प्रकार 26-इसराना (एससी) विधानसभा क्षेत्र में कुल 1 लाख 82 हजार 846 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इनमें 96 हजार पुरुष, 86467 महिला तथा 3 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
इसी कड़ी में 27- समालखा विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 28 हजार 459 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 20 हजार 793 पुरुष, 1 लाख 7 हजार 665 महिला तथा 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना बेहद जरूरी है।
डॉ. दहिया ने कहा कि जिले में मतदाताओं की बढ़ती संख्या लोकतंत्र के प्रति लोगों की जागरूकता और विश्वास को दर्शाती है। विशेष रूप से महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को नई ऊर्जा दे रही है। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।”
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन विभाग पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य कर रहा है तथा आगामी चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि वे अपने मतदाता विवरण की जांच अवश्य करें और किसी भी त्रुटि की स्थिति में तुरंत निर्वाचन कार्यालय से संपर्क करें।