कपूरथला: कपूरथला की केंद्रीय जेल में कैदियों के बीच हुई झड़प के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
जानकारी के अनुसार, किसी बात को लेकर कैदियों के दो गुटों में विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हालात बिगड़ते देख जेल प्रशासन और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।
स्थिति पर काबू पाने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद माहौल शांत हुआ। इस दौरान कुछ कैदियों के घायल होने की भी सूचना है।
जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने कहा कि कपूरथला जेल की बैरक नंबर चार में बीती रात कैदियों के बीच झगड़ा शुरू हुआ। करीब 100 से 150 कैदी अपनी बैरकों से बाहर आ गए। उन्होंने हंगामा किया और बैरक नंबर 4 में आग लगा दी। यह झगड़ा इतना बढ़ा कि कैदियों ने वहां तैनात सुरक्षा कर्मियों को खदेड़ दिया और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। कुछ कैदियों ने जेल में पड़े कचरे के ढेरों को आग लगानी शुरू कर दी। कुछ कैदी मशाल लेकर जेल की छत पर चढ़ गए और वीडियो बनाकर वायरल करने लगे। यहां की बैरक नंबर चार को भी आग के हवाले कर दिया गया।
डीआईजी सिंगला ने कहा कि जेल प्रबंधन से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कैदियों को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग भी की। काफी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। फिलहाल जेल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। कैदियों को वापस उनकी बैरकों में भेजने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े गए। अब स्थिति काबू में है। इस घटना के बाद कपूरथला की एसडीएम इरविन कौर तथा एसएसपी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एक कैदी को आंसू गैस का गोला लगने से चोट आई है और उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और झड़प के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।