अमृतसर: Amritsar के मजीठा क्षेत्र में ड्यूटी पर जा रहे एएसआई जोगा सिंह की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, एएसआई जोगा सिंह अपने कर्तव्य पर जा रहे थे, तभी रास्ते में हमलावरों ने उन्हें घेरकर फायरिंग कर दी, थोड़ी ही देर में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार एएसआई जोगा सिंह सुबह मोटरसाइकिल पर सवार होकर ड्यूटी के लिए अमृतसर जा रहे थे। इसी दौरान गांव हमजा के पास बाइक सवार अज्ञात हमलावरों ने एएसआई को दो गोलियां मारीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। थोड़ी ही देर में उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी सोहेल मीर, डीएसपी कमलमीत सिंह और थाना मजीठा के एसएचओ करमपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। मौके पर फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए। पुलिस को मौके से गोलियों के खोल भी बरामद हुए हैं।
अमृतसर ग्रामीण पुलिस के एसएसपी सोहेल मीर के अनुसार घटना के पीछे के सही कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। पुलिस हर संभावित एंगल से जांच कर रही है। एसएसपी ने बताया कि व्यक्तिगत रंजिश, टारगेट किलिंग और रोड रेज समेत सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का दौरा कर जांच के निर्देश दिए हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।