नई दिल्ली: राजधानी में आयोजित फिट इंडिया ‘संडेज ऑन साइकिल’ अभियान के 75वें संस्करण में शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने भाग लिया।
इस अवसर पर उन्होंने साइकिल चलाकर लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। मंत्री ने कहा कि नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है, जिससे बीमारियों से बचा जा सकता है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और फिट इंडिया मिशन के तहत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
मंत्री आशीष सूद ने यहां मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि फिट इंडिया अभियान और 'संडे ऑन साइकिल' भारत सरकार की एक अनूठी पहल है। मंत्री सूद ने कहा कि यह पहल फिटनेस, लाइफस्टाइल और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के साथ-साथ राष्ट्रमंडल खेल 2030 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने स्वस्थ और ऊर्जावान भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सरकार का उद्देश्य ऐसे अभियानों के जरिए आम नागरिकों को फिट और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।