मर्डर-मिस्ट्री : गुरुग्राम में यूपी के नौजवान का गला काटकर कत्ल, वजह नहीं पता चली

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

यूपी के रहने वाले युवक की लाश किराए के कमरे से मिली, पुलिस कर रही सरगर्मी से छानबीन

गुरुग्राम, 25 सितंबर। यहां नाथूपुर गांव में वीरवार तड़के 21 साल के युवक का गला काटकर कत्ल कर दिया गया। मृतक राहुल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के समसपुर गांव का निवासी था। वह नाथूपुर में तेजपाल के मकान में किराए पर रहता था।

जानकारी के मुताबिक पुलिस को सुबह करीब तीन बजे हत्या की सूचना मिली। जिसके बाद डीएलएफ फेस तीन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पुलिस के अनुसार राहुल के गले पर तेजधार हथियार से गहरा घाव मिला और आसपास खून बिखरा हुआ था। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण और आरोपी की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस के मुताबिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। आरोपियों के बारे में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई। राहुल के आसपास के किराए के कमरों में उसके मामा के लड़के और कुछ परिचित भी रहते थे। पुलिस ने इन लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। ताकि हत्या के पीछे की वजह और परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

परिजनों के आने पर होगा पोस्टमॉर्टम आसपास रहने वाले लोगों ने पुलिस को बताया कि राहुल शांत स्वभाव का था। किसी से उसकी कोई पुरानी रंजिश होने की जानकारी भी नहीं मिली। राहुल के परिजनों को उत्तर प्रदेश में सूचित किया गया।

———-

Leave a Comment