लुधियाना 27 मई। पक्खोवाल रोड स्थित करनैल सिंह नगर में गैंगस्टर सागर न्यूटन और उसके दो दर्जन से अधिक बदमाश साथियों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में एक बुजुर्ग महिला समेत कई लोग गंभीर रुप से जख्मी हो गए थे। उक्त बुजुर्ग महिला की दो महीने अस्पताल में इलाज के बाद मौत हो गई है। जिसके चलते पुलिस ने पहले सागर न्यूटन व उसके साथियों के खिलाफ इरादा कत्ल का मामला दर्ज किया था। अब पुलिस द्वारा इस मामले में हत्या की धाराएं जुड़ने की कार्रवाई शुरु कर दी गई है। थाना दुगरी की पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। मृतक महिला की पहचान सुरजीत कौर के रुप में हुई है। जानकारी देते हुए मृतक सुरजीत कौर के पोते लाल चंद ने बताया कि उसकी दादी पिछले 2 महीने से अस्पताल में भर्ती थी। यहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
6 अप्रैल को देर रात घर पर किया था हमला
बता दें कि, पुलिस को करीब 2 महीने पहले अमनदीप कौर निवासी शहीद करनैल सिंह नगर गली नंबर 24 ने पुलिस को शिकायत दी थी कि 6-7 अप्रैल आधी रात कुछ युवकों ने उनके घर पर हमला कर दिया। उन युवकों में सागर न्यूटन गैंगस्टर भी था। सभी बदमाशों ने उसके परिवार पर और उस पर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में अमनदीप कौर, सरबजीत कौर, दारा सिंह, सुरजीत कौर गंभीर जख्मी हो गए थे। इस दौरान हमलावरों ने तीन गाड़ियां तोड़ दी थी। जबकि सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए थे।