खन्ना 25 अगस्त। लुधियाना के राड़ा साहिब संप्रदाय के प्रमुख संत बाबा बलजिंदर सिंह का आज यानी सोमवार तड़के निधन हो गया। वे रात 12 बजे तक स्वर्गीय संत ईशर सिंह के बरसी समारोह में कीर्तन कर रहे थे। इसके बाद वे अपने कमरे में आराम करने गए। तड़के उन्हें सीने में दर्द हुआ। उन्हें तुरंत ट्रस्ट के अस्पताल ले जाया गया। वहां से फोर्टिस अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनका निधन हो गया। संत बलजिंदर सिंह के निधन की खबर से पंथ और संगत में शोक छा गया है। हजारों श्रद्धालु उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने बताया कि कल रात उन्होंने बाबा जी से बात की थी। आज सीएम भगवंत मान की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर भी बरसी समारोह में आने वाली थीं। सीएम भगवंत मान ने संत बाबा बलजिंदर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बाबा जी ने सिख पंथ की सेवा की। वे संगत को गुरबाणी के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करते थे। सीएम ने प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें।
