हालांकि माहौल शांतिपूर्ण, इंटरनेट-स्कूल बंद, हिंदू संगठन के चर्चित नेता बिट्टू बजरंगी हाउस अरेस्ट
नूंह, 14 जुलाई। जिले में ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा से पहले माहौल बिगाड़ने की साजिश हो गई। शरारती तत्वों ने बीती रात करीब डेढ़ बजे एक मजार में तोड़फोड़ कर दी। यह मजार नूंह के तावड़ू कस्बे में है।
जानकारी के मुताबिक मजार से तोड़फोड़ का पता सोमवार तड़के चला, जब सेवादार वहां पहुंचा। डिप्टी कमिश्नर विश्राम कुमार मीणा के मुताबिक मौके पर एसडीएम और डीएसपी ने जांच की। आरोपियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। माहौल पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। यहां गौरतलब है कि ब्रजमंडल यात्रा का रूट तो यहां से नहीं है, लेकिन लोग यहां से यात्रा में शामिल होने आते हैं। यह यात्रा नूंह के नलहड़ेश्वर (नल्हड़) मंदिर से शुरू होगी। जो फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर महादेव मंदिर से होते हुए शिंगार गांव के श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर में समाप्त होगी।
यात्रा को देखते हुए सरकार ने 24 घंटे के लिए यहां इंटरनेट और बल्क एसएमएस की सेवाएं बंद कर दी। यह आदेश सोमवार रात तक लागू रहे। इसके साथ ही जिले में पहली से 12वीं तक के सभी प्राइवेट और सरकारी स्कूल बंद रखे गए। यात्रा के रूट पर आने वाली मीट की दुकानें और फैक्ट्री बंद की गईं। ट्रैफिक डायवर्ट करते हुए भारी वाहनों की एंट्री पर भी रोक लगाई दी। पूरे जिले में ड्रोन से निगरानी की गई। पुलिस के ढाई हजार जवान तैनात किए गए।
यहां गौरतलब कि नूंह में 2023 में ब्रजमंडल यात्रा के दौरान हिंसा हो गई थी, जिसमें 7 लोगों की मौत हुई थी। अगले साल कड़ी सुरक्षा में सामान्य तरीके से यात्रा निकाली गई थी। हालांकि इस बार इसे भव्य तरीके से निकाली गई। सरकार ने 2023 में हुई हिंसा के आरोपी फरीदाबाद के हिंदू संगठन के नेता बिट्टू बजरंगी के यात्रा में शामिल होने पर रोक लगा दी है। उनको हाउस अरेस्ट किया गया।
———-