महर्षि दयानंद ने आर्य समाज की स्थापना कर आम जन में सामाजिक समानता एवं समरसता का दिया संदेश:कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
-महर्षि दयानंद सरस्वती ने महिला शिक्षा का जीवन पर्यन्त किया प्रचार-प्रसार:- कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
चंडीगढ़, 24 फरवरी- हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती विश्व की सबसे बड़ी धरोहर है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने सती प्रथा, आडंबरों, छुआछूत और समाज में फैली कुरीतियों का पुरजोर विरोध किया और इनको समाप्त करने के लिए समाज में जागरूकता का संदेश दिया।
हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी नरवाना के आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा द्वारा महर्षि दयानंद सरस्वती जन्मोत्सव एवं बोध उत्सव के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे। कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने महर्षि दयानंद सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती ने आर्य समाज की स्थापना कर आम जन में सामाजिक समानता एवं समरसता का संदेश दिया। अनाथालय एवं विधवा आश्रम स्थापित कर नई सामाजिक क्रांति का सूत्रपात किया साथ ही शिक्षा विशेषकर कन्या या महिला शिक्षा का प्रचार-प्रसार जीवन पर्यन्त किया। महर्षि ने अपने जन जागरण में बताया कि मानव जाति के लिए ओम सबसे बड़ा धर्म, वैदिक सबसे बड़ी सभ्यता, हिन्दी पवित्र भाषा और आर्यावर्त सबसे बड़ी पहचान है। इसी पर चलकर मनुष्य को वेदों का ज्ञान प्राप्त कर अपने जीवन में ज्ञान प्रसार एवं उत्तम जीवन पद्धति को अपनाना चाहिए।
कैबिनेट मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती को समाज में बदलाव के लिए बहुत संघर्ष करना पड़ा। आर्य संस्था ने शहर को अनेक शिक्षित महानुभाव दिए, जो समाज में शिक्षा बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी स्कूलों को इस तरह के कार्यक्रमों का आयोजन करना चाहिए ताकि आने वाली पीढ़ियों को हमारा इतिहास, देश में जन्में संतों, ऋषि-मुनियों एवं महापुरुषों के बारे में जानकारी मिल सके ।