लुधियाना वैस्ट उप चुनाव : वोटिंग से पहले तनाव, आशु ने पुलिस अफसर को धक्का देकर पकड़ा युवक छुड़ाया

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

जवाहर नगर में जमकर हंगामा, कांग्रेसी उम्मीदवार आशु का इलजाम, पुलिस धक्केशाही पर उतरी

लुधियाना, 18 जून। वीरवार को लुधियाना वैस्ट हल्के के उप चुनाव में वोटिंग होनी है। जबकि एक दिन पहले बुधवार को जवाहर नगर कैंप में जमकर हंगामा हो गया, दरअसल पुलिस एक युवक को पकड़कर ले रही थी। कांग्रेसी वर्करों और इलाका निवासियों के साथ महिलाओं ने पुलिस टीम को घेर लिया। इसी बीच कांग्रेसी उम्मीदवार भारत भूषण भी मौके पर पहुंच गए और उनकी पुलिस अफसरों से तीखी झड़प हो गई। भारी विरोध के चलते थाना डिवीजन पांच की पुलिस हिरासत में लिए युवक को छोड़कर बैरंग लौट गई।

राशन बांटते पकड़ा था युवक :

दरअसल, हंगामे से पहले जवाहर नगर इलाके में कांग्रेसियों ने एक व्यक्ति को राशन बांटते हुए पकड़ा था। वह व्यक्ति आटे के बोरे लदा स्कूटर छोड़कर भाग निकला। भी विवाद बढ़ने की सूचना पर पुलिस वहां पहुंची। आशु ने आरोप लगाया कि पुलिस आम आदमी पार्टी के इशारे पर धक्केशाही कर रही है। जिस लड़के ने आप का राशन और सूट बांटते लोगों को पकड़ा था, पुलिस उसे ही पकड़ने आ गई। मैं जब मौके पर पहुंचा तो उस युवक को पुलिस घसीट रही थी। मैंने पुलिस कमिश्नर को फोन किया। उनका कहना था कि मैं मामले को देखता हूं। पुलिस अफसर आप वर्करों की तरह काम कर रहे हैं। सीनियर अफसरों ने कुछ नहीं किया तो हम हर स्तर पर लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। प्रशासन सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। आज से प्रशासन के खिलाफ लड़ाई शुरू कर दी है। आज चाहे सड़कों पर लेटना पड़े या जेलों में जाना पड़े कोई डरेगा नहीं। उस युवक के चेहरे पर भी लात मारी गई है।

बीती रात पूर्व कौंसलर ममता आशु ने राशन, सूट बांटते पकड़े था महिला को :

वैसे तो मंगलवार देर रात से ही जवाहर नगर कैंप में माहौल तनावपूर्ण हो गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मुताबिक उन्हें सूचना मिली कि कुछ मोहल्लों में लोगों को राशन और सूट बांटे जा रहे हैं। कांग्रेसी उम्मीदवार भारत भूषण आशु की पत्नी व पूर्व कौंसलर ममता आशु मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने राशन बांटते एक महिला और उसके साथी को रंगे हाथों पकड़ा। महिला बीच सड़क पर राशन छोड़कर मुंह छिपाते हुए भागने लगी। ममता आशु ने काफी शोर भी मचाया और महिला का नाम जानना चाहा, लेकिन महिला मौके से भाग गई। हालांकि चर्चा यह रही कि जो महिला राशन छोड़कर भागी, वह एक महिला कांग्रेसी नेता के बेटे के साथ ही राशन, सूट बांट रही थी। वह जाते हुए बोली कि कांग्रेस और बीजेपी वाले भी बांटते हैं, हम भी राशन बांट रहे हैं।

बिट्टू भी पहुंचे कैंप, आशु का ही मखौल उड़ा गए :

जवाहर नगर कैंप में हंगामा की सूचना मिलने के बाद केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी वहां पहुंचे। उन्होंने बेशक इस घटना को निंदनीय बताया, लेकिन मीडिया कर्मियों के सवाल करने पर वह बोले कि कांग्रेसी अपना मसला आप निपटाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर किसी ने उनकी पार्टी बीजेपी के वर्करों को आंखें दिखाईं तो हर सूरत में उनसे निपटेंगे। बिट्टू ने तंज कसते कहा कि आशु भी आखिर क्या कर सकते है, उनकी पार्टी के सीनियर नेता ही उनके साथ नहीं हैं। क्या आशु से मिलेंगे, इस सवाल पर रवनीत बिट्टू बोले कि मैं यहां भाजपा के ऑफिस में आया हूं, वहीं बैठूंगा और अपने वर्करों की निगरानी करूंगा। साथ ही इलजाम लगाया कि पंजाब पुलिस सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की कठपुतली बनकर काम कर रही है। हालांकि यह भी कहा कि अच्छे पुलिस अफसर भी बेचारे क्या कर सकते हैं। जो बिना पक्षपात काम करना चाहता है उसी अफसर को कहीं दूर ट्रांसफर कर दिया जाता है।

———–

 

Leave a Comment