लुधियाना वैस्ट उप चुनाव : अंतिम दौर में प्रमुख उम्मीदवार, स्टार कंपेनर झोंक रहे ताकत

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

लुधियाना, 16 जून। अब लुधियाना वैस्ट विधानसभा के चुनाव में महज दो दिन बाकी हैं। ऐसे में सभी प्रमुख उम्मीदवार और स्टार कंपेनर प्रचार में पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

प्रचार के अंतिम पड़ाव में दिग्गज कांग्रसियों ने एकजुट हो आशू के लिए मांगे वोट

चुनाव के अंतिम पड़ाव में कांग्रेसी उम्मीदवार भारत भूषण आशू के पक्ष में कांग्रेसी नेताओं ने एकजुट होकर वोट मांगे। इसके पहले पार्टी के मुख्य चुनाव कार्यलय में पंजाब कांग्रेस के इंचार्ज व पूर्व सीएम भूपेश बघेल, को-इंचार्ज रविन्द्र डालवी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडि़ंग, विधानसभा में नेता विपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, सांसद किशोरी लाल व अमर सिंह, हिमाचल के उप मुख्यमंत्री मुकेश अगिनहोत्री, पूर्व विधायकों में राकेश पांडे, सुरिन्दर डावर, कुलदीप सिंह वैद्य, सिमरजीत व बलविंदर सिंह बैंस, कांग्रेस जिला अध्यक्ष संजय तलवाड़, गुरशरण कौर रंधावा, पूर्व मंत्री मलकीत सिंह दाखा, केके बावा आदि मौजूद रहे।

इस मौके पर बाजवा ने कहा कि यह उप चुनाव 2027 के विधानसभा चुनाव का रास्ता तय करेगा। बदलाव के नाम पर नवां पंजाब के सपने दिखाकर सत्तासीन हुए लोगों (आप) से अब हर पंजाबी छुटकारा चाहता हैं। बदलाव के नाम पंजाब आर्थिक तौर पर 25 वर्ष पीछे चला गया है। साढ़े तीन वर्ष में बाहरी लोगों ने पंजाब लूट लिया। सभी सीनियर नेताओं ने पंजाब के हकों की इस लड़ाई में कांग्रेस का साथ देने की अपील की। ताकि आने वाले विधानसभा चुनाव में सूबे की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को पंजाब से भी चलता किया जा सके।

खन्ना ने भाजपा प्रत्याशी जीवन गुप्ता के पक्ष में मांगे वोट :

आज देश में जो विकास का दौर चल रहा है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों व प्रयासों के कारण ही संभव हो पाया है। वार्ड 59 स्थित सुखमनी एनक्लेव  में भाजपा प्रत्याशी जीवन गुप्ता के हक में प्रचार करते हुए पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने जनसभा में यह दावा किया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास के नारे के साथ काम कर रही है। गरीब, किसान व मजदूर के लिए बनाई नीतियों का सीधा असर उनके जीवन पर पड़ रहा है। करोड़ों लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठकर आज सम्मान का जीवन जी रहे हैं। साथ ही मान सरकार पर हमला करते खन्ना ने कहा कि पंजाब के लोग आप को सत्ता सौंपकर पछता रहे हैं। सूबे में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। कानून व्यवस्था ना के बराबर है। जबकि आप सरकार के प्रतिनिधियों को आज राज्य से ज्यादा केजरीवाल की फिक्र हो रही है। आप सरकार का छोटे से लेकर बड़ा अधिकारी भी राज्य के कार्यों की अनदेखी कर आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा के प्रचार में जुटा है। ताकि उनको विजय बनाकर केजरीवाल को राज्यसभा में भेजा जाए। आप के राज में आज रंगला पंजाब कंगाली के कगार पर खड़ा है।

इस मौके पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ.सुभाष वर्मा, चरणजीत सिंह, एमपी जोशी, राजेश गोयल, विकास जोशी, सुमित नैय्यर, अरुण दुआ, राजीव वोरहा, रमेश गर्ग, विकास थांब, राकेश मिगलानी, नवीन बंसल आदि मौजूद रहे।

बादल लगातार शिअद उम्मीदवार घुम्मन के लिए कर रहे बैठकें :

शिरोमणी अकाली दल-बादल के उम्मीदवार परउपकार सिंह घुम्मण भी इस उप चुनाव में लगातार सक्रिय हैं। खुद पार्टी सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल उनके हक में बैठकें कर रहे हैं। उनके प्रयास से गुरु गोबिंद सिंह स्टडी सर्किल ने घुम्मन को अपना समर्थन की घोषणा की है। इस मौके पर बादल ने स्टडी सर्किल के पदाधिकारियेां के साथ मीटिंग की। जिसमें शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जत्थेदार हरजिंदर सिंह धामी और दिल्ली के वरिष्ठ नेता मनजीत सिंह जीके भी मौजूद रहे। स्टडी सर्किल के गुरमीत सिंह और अन्य मैंबरों ने सुझाव दिए कि पार्टी को कैसे मजबूत किया जा सकता है। उन्हों सिख संस्थाओं की सुरक्षा की आवश्यकता के बारे ओर उनके कामकाज में हस्तक्षेप ना हो, इस बारे  विस्तार से चर्चा की।

बादल ने कहा कि पार्टी ने सिख संस्थाओं की स्वायत्ता पर कड़ा रूख अपनाया है। उनके कामकाज और प्रबंधन ढ़ांचे में किसी भी तरह के हस्तक्षेप का दृढ़ता से विरोध किया है। इस मौके पर वरिष्ठ अकाली नेता डॉ.दलजीत सिंह चीमा, महेशइंदर सिंह गरेवाल, अमरजीत सिंह चावला, भूपिंदर सिंह की खास मौजूदगी रही।

———-

 

Leave a Comment