लुधियाना,19 जून। वीरवार को लुधियाना वैस्ट विधानसभा हल्के में उप चुनाव को लेकर सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरु हुई। सुबह 9 बजे तक करीब 8.50 फीसदी वोटिंग हो चुकी थी।
चुनाव आयोग की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार सुबह 11 बजे तक 21.51 फीसदी मतदान हो चुका था। वहीं, दोपहर 1 बजे तक 33.42 प्रतिशत मतदान हो चुका था। जबकि शाम 3 बजे तक 41.4 फीसदी मतदान हो गया था। यहां काबिलेजिक्र है कि चुनाव मैदान में उतरे चारों प्रमुख उम्मीदवारों ने अपने परिजनों के साथ मतदान के पहले चरण में वोट डाल दिए थे। जानकारी के मुताबिक सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार व राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने परिजनों के साथ मतदान किया। उन्होंने सुबह गुरु नानक पब्लिक स्कूल, सराभा नगर में बने मतदान केंद्र पर वोट डाला। इस दौरान उनकी धर्मपत्नी संध्या अरोड़ा, बेटा काव्या अरोड़ा, बेटी केतकी अरोड़ा और बहू गुनीत अरोड़ा साथ में मतदान करने के बाद बाहर निकले और सभी उत्साहित व आत्मविश्वास से भरे नजर आए।
कांग्रेसी उम्मीदवार भारत भूषण आशु ने मॉडल ग्राम स्थित मालवा खालसा स्कूल में मतदान किया। उनकी धर्मपत्नी व पूर्व कौंसलर ममता आशु ने भी सभी बूथ पर वर्करों का हौंसला बढ़ाने के साथ ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
भाजपा प्रत्याशी जीवन गुप्ता ने अपने परिजनों के साथ भारत नगर चौक के पास स्थित एनएम जैन मॉडल स्कूल में मतदान किया। शिरोमणि अकाली दल-बादल के प्रत्याशी परउपकार ने रोज गार्डन के पास जीजीएन स्कूल में बने बूथ पर परिजनों के साथ वोट डाला।
————