बीजेपी दफ्तर घेरने पहुंचे, वहां पुलिस फोर्स तैनात हुई तो प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने सड़क पर लगाया धरना
लुधियाना 26 सितंबर। केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बि्ट्टू द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ बयानबाजी से कांग्रेसी खफा है। कांग्रेस के कार्यकर्ता इसके विरोध में भाजपा दफ्तर घेरने पहुंचे।
कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने रोष मार्च निकालकर नारेबाजी करते हुए भाजपा कार्यालय का घेराव किया। माहौल बिगड़ता देख भाजपा कार्यालय के बाहर पुलिस बल को तैनात करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कांग्रेस सेवादल के हल्का इंचार्ज ईश्वरजोत सिंह चीमा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गत दिनों बिट्टू द्वारा राहुल गांधी को आतंकवादी बोला गया था, जो कि घोर-आपत्तिजनक है। आज बिट्टू राज्यमंत्री हैं, एक जिम्मेदारी वाले पद पर बैठकर उन्हें इस तरह की बयानबाजी शोभा नहीं देती है।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि खुद बिट्टू लंबे समय तक जब कांग्रेस में थे, तब उन्हें राहुल गांधी आतंकी नहीं लगे। जबकि उनके दादा बेअंत सिंह को भी कांग्रेस ने ही सीएम बनाया था। बिट्टू खुद भी तीन बार कांग्रेस से सांसद बने। प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने कहा कि बिट्टू, पीएम नरेंद्र मोदी समेत अपने आकाओं को खुश करने के लिए घटिया राजनीति कर रहे हैं। उन पर अपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज होना चाहिए।
————-