27 सितम्बर- पिहोवा। सतौड़ा गांव के मूल निवासी एनआरआई युवक हरपाल सिंह उर्फ हैरी (35) की फ्रांस में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें हरपाल का शव खून से लथपथ जमीन पर पड़ा नजर आ रहा है।
वीडियो में उनके साथ एक अन्य भारतीय युवक भी गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिखाई दे रहा है। घायल का फ्रांस के एक अस्पताल में उपचार जारी है। हरपाल अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चों और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। पत्नी और बच्चे गांव में ही माता-पिता के साथ रहते हैं, जहां वे खेती-बाड़ी करते हैं। वीडियो देखने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हरपाल के पिता बलबीर सिंह किसी से बात करने की स्थिति में नहीं हैं। इस घटना का पता चलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीण सांत्वना देने परिवार के पास पहुंच रहे हैं। उनके पिता बलबीर सिंह हाथ जोड़कर बस यही कह रहे हैं कि हमें नहीं पता यह क्या हो गया। ग्रामीणों ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
पहले भी जिले के युवक की फ्रांस में हो चुकी मौत : इससे पूर्व भी पिहोवा के एक युवक की फ्रांस में मौत हो गई थी जिसे भारत लाने में लगभग दो महीने लग गए थे। शव को भारत वापस पहुंचाने में भारतीय मूल के सामाजिक कार्यकर्ता इकबाल भट्टी ने काफी मदद की थी। फ्रांस में अगर किसी विदेशी नागरिक की मौत हो जाती है तो उन्हें स्वदेश पहुंचाकर वतन की मिट्टी नसीब करवाने में मदद करते हैं। वे पहले भी एक युवक का शव पिहोवा भिजवा चुके हैं।
