मलबे में सामान दबा, मोड नाभा गांव का दर्दनाक हादसा
बरनाला,, 3 सितंबर। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते एक मकान गिर गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई। हादसा मोड नाभा गांव में हुआ।
जानकारी के मुताबिक इस हादसे में मकान में सो रहे पति-पत्नी की मौत हो गई। घटना कल देर रात की है। मकान में करनैल सिंह (60), उनकी पत्नी नरेंद्र कौर (55) और उनका 12 वर्षीय बेटा सो रहे थे। अचानक छत गिर जाने से करनैल सिंह और नरेंद्र कौर की मौके पर ही मौत हो गई। उनका बेटा इस हादसे में घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दोनों मृतकों के शवों को मलबे से निकाला। घायल बच्चे को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
इसके अलावा बरनाला में पिछले दिनों हुई बारिश का पानी अभी खेतों में भरा है। लोगों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। बरनाला के 134 गांव डूब चुके हैं। अब तक तीन मौतें दर्ज हुई हैं।