टीवी इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। जाने-माने अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। पंकज धीर को सबसे ज्यादा पहचान बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण के किरदार से मिली थी। उनके करीबी दोस्त अमित बहल ने इंडिया टुडे से बातचीत में उनके निधन की पुष्टि की।
सूत्रों के अनुसार, पंकज को पहले कैंसर था और वे इसे हरा चुके थे। लेकिन पिछले कुछ महीनों में उनका कैंसर फिर से उभर आया और उनकी तबीयत गंभीर हो गई। बीमारी के दौरान उन्हें बड़ी सर्जरी से भी गुजरना पड़ा, लेकिन दुर्भाग्यवश उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पंकज धीर की मौत की खबर सुनते ही टीवी इंडस्ट्री और फैंस दोनों ही गमगीन हो गए। सोशल मीडिया पर उन्हें याद करते हुए कई सेलेब्स और फैंस नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
पंकज ने अपने करियर में टीवी और फिल्मों में कई यादगार प्रोजेक्ट्स में काम किया। 1988 में आई बीआर चोपड़ा की महाभारत में कर्ण का किरदार निभाकर उन्हें बहुत फेम मिला। उन्होंने जिस लगन और गंभीरता के साथ इस किरदार को निभाया, उसकी आज भी मिसाल दी जाती है।
इसके अलावा पंकज कई माइथोलॉजिकल शोज जैसे चंद्रकांता, द ग्रेट मराठा में नजर आए। फिल्मों में भी उनका काम सराहनीय रहा, जिनमें सोल्जर, बादशाह, और सड़क जैसी हिंदी फिल्मों में उन्होंने शानदार अभिनय किया।
पंकज की पर्सनल लाइफ की बात करें तो उनका बेटा निकितिन धीर शोबिज में एक्टिव हैं, जबकि उनकी पत्नी कृतिका सेंगर भी अभिनेत्री हैं।
उनके निधन से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री एक चमकते हुए सितारे को खो चुकी है।