जालंधर ग्रेनेड हमले का यमुनानगर से जुड़ा है कनेक्शन !

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

बीटा गांव में पंजाब पुलिस ने रेड की, आरोपी हार्दिक को ले गई, फायरिंग में जख्मी

 

चंडीगढ़ 18 मार्च। पंजाब के जालंधर में हुए ग्रेनेड हमले की जांच के दौरान पुलिस ने यमुनानगर जिले के व्यासपुर थाना क्षेत्र के रामपुर बीटा गांव में दबिश देकर 18 वर्षीय हार्दिक कांबोज को हिरासत में लिया। पंजाब पुलिस आरोपी को हथियारों की निशानदेही के लिए जालंधर ले गई थी। जहां उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से हार्दिक जख्मी हो गया।

जानकारी के मुताबिक पंजाब पुलिस की कई गाड़ियां यमुनानगर के बिलासपुर थाने में पहुंचीं। पंजाब पुलिस के एसपी और डीएसपी समेत कई अधिकारी लगभग तीन घंटे तक स्थानीय पुलिस के साथ बैठक और पूछताछ करते रहे। पंजाब पुलिस ने मकसूदा थाने में एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। इसी सिलसिले में वे हार्दिक को अपने साथ जालंधर ले गए।

जालंधर पहुंचने के बाद, पुलिस ने आरोपी हार्दिक को हथियारों की निशानदेही के लिए एक स्थान पर ले गई। इसी दौरान उसने पुलिसकर्मियों पर अचानक फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिससे हार्दिक की टांग में गोली लग गई और वह घायल हो गया।

यहां गौरतलब है कि 16 मार्च की देर रात जालंधर के रायपुर रसूलपुर गांव में एक यूट्यूबर के घर पर ग्रेनेड फेंका गया था, जिसकी घटना का वीडियो भी सामने आया था। पंजाब पुलिस इस हमले के हर एंगल से जांच कर रही है और अब इस मामले के तार यमुनानगर से जुड़े होने की पुष्टि हुई है।

————

Leave a Comment