बाइक ठीक कराने के दौरान मामूली कहासुनी के बाद हमला करने का इलजाम
चरणजीत सिंह चन्न
जगरांव, 4 अप्रैल। यहां जगरांव-बरनाला मुख्यमार्ग स्थित पुलिस थाना सिटी से चंद कदम दूर दो पक्षों में मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जिसमें पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक घायलों में जगरांव के गांधी नगर निवासी 52 वर्षीय केवल सिंह और उनका 20 वर्षीय बेटा जशनजोत सिंह शामिल हैं। घायल पिता-पुत्र को स्थानी सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें सिविल अस्पताल लुधियाना रेफर कर दिया। घायल जशनजोत की मां बलजीत कौर ने बताया कि जिस मैकेनिक के पास उनका बेटा जशनजोत सिंह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल ठीक कराने गया था, उसके परिवार ने आज सुबह हमला कर उनके पति व बेटे को घायल कर दिया। उस वक्त दोनों काम पर जा रहे थे। उन्हें झगड़े के कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
घायल जशनजोत सिंह के मुताबिक उनकी हमलावरों से कोई रंजिश नहीं थी। वह तो बस बाइक ठीक कराने गया था तो मैकेनिक से मामूली कहासुनी हुई थी। जब सुबह मैं और मेरे पिता दुकान पर जा रहे थे, तभी मैकेनिक और उसके परिवार ने हम पर तलवारों से हमला कर दिया। हमले के दौरान उसके सिर पर गहरी चोट आई और टांके लगाने पड़े। झगड़ा छुड़ाने के दौरान पड़ोसी दुकानदार जगतार सिंह की कलाई पर भी मामूली चोट लगी।
————-