चंडीगढ़, 29 अक्तूबर। पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री संजेव अरोड़ा ने बताया कि आई.ओ.एल. केमिकल्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड (IOL) राज्य में ₹1,400 करोड़ का नया निवेश करने जा रही है। कंपनी जिला बरनाला के गांव बड़बर में एक्टिव फार्मास्यूटिकल इंग्रेडिएंट (API) निर्माण के लिए एक नई इकाई स्थापित करेगी, जिससे लगभग 2,000 लोगों को रोजगार मिलेगा।
अरोड़ा ने कहा कि इस परियोजना को पर्यावरण मंजूरी मिल चुकी है और निर्माण के लिए भूमि कंपनी के अधिकार में है। IOL भारत की अग्रणी API और विशेष रसायन निर्माता कंपनी है तथा आइबूप्रोफेन बनाने में विश्व की सबसे बड़ी निर्माता है।
उन्होंने बताया कि कंपनी की एक इकाई पहले से ही फतेहगढ़ छन्ना (बरनाला) में कार्यरत है। नई इकाई के साथ कंपनी का कुल निवेश पंजाब में बढ़कर ₹2,533 करोड़ हो जाएगा और कुल 3,100 लोग इसमें कार्यरत होंगे।
अरोड़ा ने कहा कि यह ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट राज्य को फार्मास्यूटिकल और केमिकल उद्योगों के उभरते केंद्र के रूप में स्थापित करेगा। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी सरकार के कार्यभार संभालने के बाद से अब तक पंजाब में ₹1.30 लाख करोड़ का निवेश हुआ है, जिससे 5 लाख रोजगार सृजित हुए हैं।





