सिटी ब्यूटीफुल के अलावा पंचकूला और मोहाली में भी योग दिवस पर हुए कई कार्यक्रम
चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली। 21 जून। सिटी ब्यूटीफुल के साथ ही मोहाली और पंचकूला में शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर हजारों लोगों ने उत्साह दिखाया। उन्होंने योग कर निरोग रहने का संदेश दिया।
जानकारी के मुताबिक सैक्टर 17 के तिरंगा पार्क में चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया भी पहुंचे। उन्होंने लोगों को योग का महत्व भी बताया। इसमें करीब 1800 लोगों ने हिस्सा लिया। जिसमें स्कूली बच्चे, युवा और शहर के सोशल वर्कर शामिल रहे। राज्यपाल कटारिया ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन की एक पद्धति है। जिससे हमारा मन और शरीर दोनों स्वस्थ रहता है। योग हमें अनुशासन और सकारात्मक रहना सिखाता है। उन्होंने कहा कि इसे हर नागरिक को अपने जीवन का हिस्सा बनना चाहिए।
चंडीगढ़ में इसके अलावा पीजीआई, सुखना लेक, रॉक गार्डन, इंडस्ट्रियल एरिया फेज वन समेत शहर के कई पार्कों में इसका भव्य आयोजन किया गया। मोहाली के सैक्टर 78 स्थित स्टेडियम में जिला स्तरीय समागम करायाया गया। इसके अलावा फेज छह के सरकारी कॉलेज के साथ ही शहर के कई पार्कों में योग दिवस के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने योग किया। इस दौरान पतंजलि के प्रशिक्षकों द्वारा लोगों को योगासन कराए गए।
पीजीआई में सुबह हजारों लोगों ने योग किया। इस दौरान कई प्रकार के आसन कराए गए। पीजीआई के डायरेक्टर प्रोफेसर विवेक लाल ने कहा कि योग आंखें बंद कर खुद से बातचीत करने का माध्यम है। वहीं, पंचकूला के सैक्टर-वन के रेड बिशप कन्वेंशन हाल में बच्चे और अधिकारी योग करने पहुंचे, लेकिन यहां अव्यवस्था का आलम रहा।
————